Your Website Description

सुलीठांग बाजार में शाम होते ही लग रहा जाम, स्कूली बच्चों की सुरक्षा पर मंडराया खतरा

सड़क के दोनों ओर बेतरतीब पार्किंग से बढ़ रही परेशानी, भारी वाहनों की आवाजाही नियंत्रित करने की मांग

चिन्यालीसौड़। नगर पालिका क्षेत्र के सुलीठांग बाजार में शाम होते ही लगने वाला यातायात जाम स्थानीय लोगों और राहगीरों के लिए मुसीबत बन गया है। बाजार में जाम की स्थिति इतनी गंभीर हो जाती है कि लोगों का पैदल निकलना भी मुश्किल हो जाता है। सबसे अधिक परेशानी स्कूल की छुट्टी के समय होती है, जब बच्चों को भारी वाहनों और अन्य वाहनों के बीच से होकर गुजरना पड़ता है। इससे किसी बड़े हादसे की आशंका बनी हुई है।

स्थानीय लोगों के अनुसार शाम के समय बाजार में ट्रक, बड़े चारपहिया वाहनों और अन्य वाहनों की आवाजाही बढ़ जाती है। वहीं, सड़क के दोनों ओर स्कूटी और बाइक खड़ी होने से मार्ग और संकरा हो जाता है। ऐसे में जाम लगने पर पैदल चलने वालों के लिए भी रास्ता नहीं बचता। लोगों ने मांग की है कि स्कूली बच्चों के आने-जाने और छुट्टी के समय भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक लगाई जाए या इसे नियंत्रित किया जाए।

इस संबंध में प्रभारी थानाध्यक्ष अनुप नयाल ने बताया कि सुलीठांग बाजार में यातायात व्यवस्था संभालने के लिए होमगार्ड की ड्यूटी लगाई गई है। व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के लिए पुलिस चौकी से एक सिपाही की ड्यूटी भी बाजार में लगाई जाएगी।

गौरतलब है कि सुलीठांग बाजार से कोट और बागी समेत आसपास के क्षेत्रों के लिए सड़क मार्ग जाता है। मार्ग संकरा होने के कारण वाहनों का दबाव बढ़ते ही जाम की स्थिति पैदा हो जाती है। पूर्व में पीएमजीएसवाई की ओर से सड़क चौड़ीकरण की कार्रवाई भी की गई थी, लेकिन आवासीय भवनों और दुकानों के कारण सड़क को अपेक्षित चौड़ाई नहीं मिल पाई।

स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से सड़क के दोनों ओर दोपहिया वाहनों की पार्किंग पर सख्ती से रोक लगाने, नियमों का उल्लंघन करने वालों के चालान करने और नियमित पुलिस गश्त की मांग की है। इसके साथ ही स्कूल खुलने और छुट्टी होने के समय भारी वाहनों की आवाजाही नियंत्रित करने की भी मांग उठाई है।

लोगों का कहना है कि यदि समय रहते यातायात व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया तो किसी दिन गंभीर दुर्घटना हो सकती है। ऐसे में प्रशासन को किसी अनहोनी का इंतजार करने के बजाय अभी से ठोस कदम उठाने की जरूरत है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *