दस्तावेज सत्यापन शिविर में बीए, बीकॉम, बीएससी, एमए सहित विभिन्न पाठ्यक्रमों के विद्यार्थियों के प्रमाण पत्रों का हुआ सत्यापन
Uttarakashi: उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय (यूओयू) के अध्ययन केंद्र बर्फिया लाल जुवांठा राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में सोमवार को दीक्षारंभ (ओरिएंटेशन) कार्यक्रम एवं दस्तावेज सत्यापन शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नए प्रवेश लेने वाले छात्र-छात्राओं को विश्वविद्यालय की कार्यप्रणाली, दूरस्थ शिक्षा प्रणाली और ऑनलाइन अध्ययन सुविधाओं की विस्तृत जानकारी दी गई।

यूओयू के नोडल अधिकारी कृष्णदेव रतूड़ी ने बताया कि दीक्षारंभ कार्यक्रम का उद्देश्य नवप्रवेशित विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय की शिक्षा प्रणाली से परिचित कराना है। इस दौरान विद्यार्थियों को स्व-अध्ययन सामग्री (एसएलएम), डिजिटल स्टूडेंट पोर्टल, ई-पुस्तकालय, ऑनलाइन अध्ययन व्यवस्था और परीक्षा प्रणाली के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के साथ ही विश्वविद्यालय के दिशा-निर्देशों के अनुरूप विशेष दस्तावेज सत्यापन शिविर भी आयोजित किया गया। इसमें विद्यार्थियों के मूल शैक्षणिक प्रमाण पत्रों, पहचान पत्रों और प्रवेश संबंधी अभिलेखों का मिलान कर सत्यापन किया गया। शिविर में बीए, बीकॉम, बीएससी, एमए, एमकॉम, एमएससी सहित विभिन्न डिप्लोमा एवं प्रमाणपत्र पाठ्यक्रमों में प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों के दस्तावेज सत्यापित किए गए।
दीक्षारंभ सत्र में विद्यार्थियों को क्रेडिट प्रणाली, असाइनमेंट जमा करने की प्रक्रिया एवं निर्धारित समय-सीमा, ऑनलाइन अध्ययन संसाधनों के उपयोग और परीक्षा संबंधी नियमों की जानकारी भी दी गई। महाविद्यालय के प्राध्यापकों एवं अध्ययन केंद्र के समन्वयकों ने विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए उन्हें दूरस्थ शिक्षा के माध्यम से गुणवत्तापूर्ण शिक्षा हासिल करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के आयोजन से नवप्रवेशित विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय की अध्ययन व्यवस्था समझने और अपनी शैक्षणिक गतिविधियों को बेहतर ढंग से संचालित करने में मदद मिली। वहीं, दस्तावेज सत्यापन अभियान से प्रवेश प्रक्रिया में पारदर्शिता और प्रशासनिक व्यवस्था को भी मजबूती मिली।
