कपाट बंद होने के धार्मिक समारोह को लेकर प्रशासन अलर्ट, श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाओं के लिए चाक-चौबंद की गई व्यवस्थाएं
रुद्रप्रयाग। विश्व प्रसिद्ध केदारनाथ धाम के कपाट बुधवार, 11 नवंबर को विधि-विधान और धार्मिक परंपराओं के अनुसार शीतकाल के लिए बंद कर दिए जाएंगे। कपाट बंद होने के पावन अवसर पर श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए जिलाधिकारी विशाल मिश्रा स्वयं केदारनाथ धाम पहुंच गए हैं।

मंगलवार को बाबा केदार की चल विग्रह उत्सव डोली ने केदारनाथ मंदिर में प्रवेश किया। इसके साथ ही कपाट बंद होने से जुड़ी धार्मिक परंपराओं और अनुष्ठानों का क्रम शुरू हो गया। बुधवार सुबह निर्धारित शुभ मुहूर्त में मंदिर के कपाट शीतकाल के लिए बंद किए जाएंगे। इस पावन अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों के पहुंचने की संभावना है।
जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने धाम पहुंचकर मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों से तैयारियों की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत, आवास, स्वास्थ्य सेवाओं और अन्य मूलभूत सुविधाओं को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
वहीं, पुलिस विभाग ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन, सुचारु आवागमन और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक इंतजाम किए हैं। संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल तैनात करने के साथ ही सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था को भी प्रभावी बनाया जा रहा है।
स्वास्थ्य विभाग को चिकित्सा एवं आपातकालीन सेवाएं तत्पर रखने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा आपदा प्रबंधन, विद्युत, पेयजल, लोक निर्माण विभाग, नगर निकाय और सुलभ सहित अन्य संबंधित विभागों को भी अपने दायित्वों का जिम्मेदारी से निर्वहन करने के निर्देश दिए गए हैं।
जिला प्रशासन सभी विभागों के साथ समन्वय बनाकर तैयारियों की लगातार समीक्षा कर रहा है। प्रशासन का प्रयास है कि बाबा केदार के कपाट बंद होने का पावन समारोह पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुरूप श्रद्धा, सुरक्षा और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न हो।
