नगर पंचायत लंबगांव के अध्यक्ष रोशन रांगड़ ने कहा— राज्य आंदोलनकारियों के संघर्ष और बलिदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता
नई टिहरी। उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर नगर पंचायत लंबगांव के अध्यक्ष रोशन रांगड़ ने विकासखंड प्रतापनगर के राज्य आंदोलनकारियों को सम्मानित किया। नगर पंचायत कार्यालय लंबगांव में आयोजित समारोह में उन्होंने राज्य आंदोलनकारियों को शॉल ओढ़ाकर सम्मान प्रदान किया।

इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष रोशन रांगड़ ने कहा कि उत्तराखंड राज्य निर्माण के लिए आंदोलनकारियों ने लंबा संघर्ष किया और अनेक कठिनाइयों का सामना किया। राज्य प्राप्ति में उनके योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने कहा कि राज्य आंदोलनकारियों का सम्मान करना हम सभी का नैतिक दायित्व है। उनके संघर्ष और बलिदान के परिणामस्वरूप ही आज उत्तराखंड एक अलग राज्य के रूप में स्थापित है।
उन्होंने राज्य सरकार से राज्य आंदोलनकारियों के लिए विशेष कल्याणकारी योजनाएं तैयार करने की मांग की। साथ ही आंदोलनकारियों के आश्रितों को भी राज्य की सरकारी सेवाओं में प्राथमिकता देने की बात कही, ताकि आंदोलनकारियों और उनके परिवारों को सम्मानजनक जीवन जीने के लिए उचित अवसर मिल सकें।
समारोह में राज्य आंदोलनकारी संगठन के संरक्षक मुरारी लाल खंडवाल, राम भरोसे राणा, कुंवर सिंह पवार, सब्बल सिंह राणा, राकेश सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
