नई टिहरी। भारत सरकार द्वारा संचालित विशेष अभियान 6.0 के अंतर्गत महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग, टिहरी की मिशन शक्ति हब और वन स्टॉप सेंटर की टीम ने बौराड़ी स्थित साईं चौक एवं टैक्सी स्टैंड में स्वच्छता अभियान चलाया। इस दौरान सार्वजनिक स्थलों पर साफ-सफाई कर लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया।मिशन शक्ति के जिला समन्वयक रमेश डंगवाल ने बताया कि विशेष अभियान 6.0 के तहत विभाग की ओर से इससे पहले डीपीओ कार्यालय, वन स्टॉप सेंटर और नई टिहरी स्थित देवीधार पिकनिक स्पॉट में भी स्वच्छता अभियान चलाया जा चुका है। इसी क्रम में क्लीन हिमालय, ग्रीन हिमालय के सहयोग से बौराड़ी के साईं चौक एवं टैक्सी स्टैंड में स्वच्छता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान मिशन शक्ति के कार्मिकों ने सार्वजनिक स्थलों की सफाई करने के साथ ही वहां मौजूद लोगों को स्वच्छता के महत्व की जानकारी दी। लोगों से अपने आसपास के वातावरण को साफ रखने और सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा न फैलाने की अपील भी की गई।
स्वच्छ वातावरण बनाए रखने की अपील
कार्यक्रम का उद्देश्य सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने के साथ आमजन में स्वच्छता के प्रति जिम्मेदारी और जागरूकता की भावना विकसित करना रहा। अभियान के माध्यम से लोगों को संदेश दिया गया कि स्वच्छता केवल सरकारी विभागों की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है।
इस अवसर पर मिशन शक्ति की जेंडर स्पेशलिस्ट रजनी, वित्तीय साक्षरता विशेषज्ञ विकास, डेटा एंट्री ऑपरेटर सौरभ रावत, लेखा सहायक नवीन, वन स्टॉप सेंटर की केंद्र प्रशासक रश्मि बिष्ट, सुषमा एवं पार्वती, जिला समन्वयक पोषण अभियान आशीष नेगी मौजूद रहे।
इसके अलावा क्लीन हिमालय, ग्रीन हिमालय के दिव्यांशु रावत, छात्र संघ सचिव ऋतुराज नेगी, सह सचिव खुशबू सहित हिना, राधिका, प्राची, चांदनी, शिवम, अमन, ईशान, अजय और दिलीप ने भी अभियान में सहभागिता की।
