ग्राम पंचायत स्तर पर संचालित सामाजिक सुरक्षा संतृप्ति अभियान के अंतर्गत 200 लाभार्थी लाभान्वित

 टिहरी। भारत सरकार के वित्त विभाग द्वारा ग्राम पंचायत स्तर पर संचालित सामाजिक सुरक्षा संतृप्ति अभियान के अंतर्गत ग्राम पंचायत भैंतण हेतु विशेष कैंप का आयोजन किया गया। कार्यक्रम नरेंद्रनगर के खंड विकास अधिकारी कार्यालय स्थित ज्ञान सिंह गोसाई सभागार में संपन्न हुआ।

कैंप का शुभारंभ मुख्य विकास अधिकारी टिहरी गढ़वाल वरुणा अग्रवाल, भारतीय स्टेट बैंक दिल्ली सर्कल के मुख्य महाप्रबंधक देबाशीष मिश्रा और आंचलिक कार्यालय देहरादून के उपमहाप्रबंधक विनोद कुमार ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी ने ग्रामीणों से भारत सरकार की सामाजिक सुरक्षा बीमा योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आग्रह किया और विशेष रूप से अटल पेंशन योजना से जुड़ने के लिए प्रोत्साहित किया।

कार्यक्रम में भारतीय स्टेट बैंक दिल्ली सर्कल के मुख्य महाप्रबंधक देबाशीष मिश्रा ने बताया कि सामाजिक सुरक्षा अभियान के साथ-साथ जन-धन खातों का अनिवार्य सत्यापन अभियान भी चलाया जा रहा है। उन्होंने सभी खाता धारकों से अपील की कि 30 सितंबर तक अपने खातों का सत्यापन अवश्य कराएं, ताकि उनका संचालन निर्बाध रूप से जारी रह सके।

कैंप में ग्राम आमसेरा, थान-विडोन, रौदेली, ताछ्ला, पिपलेथ, कफोलगांव और भैंतण से लगभग 250 ग्रामीणों ने भाग लिया। इनमें से करीब 200 लाभार्थियों को प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, अटल पेंशन योजना और प्रधानमंत्री जन-धन योजना के तहत जोड़ा गया।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *