Your Website Description

SGRR विश्वविद्यालय के खेलोत्सव-2026 का भव्य शुभारंभ, 5000 से अधिक विद्यार्थी दिखाएंगे दमखम

देहरादून। श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय (एसजीआरआरयू) की वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता खेलोत्सव-2026 का बुधवार को विश्वविद्यालय के खेल मैदान में भव्य शुभारंभ हुआ। 28 अक्टूबर से 2 नवंबर तक आयोजित होने वाले इस खेल महोत्सव में 15 विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में 5000 से अधिक छात्र-छात्राएं प्रतिभाग करेंगे। उद्घाटन समारोह में एनसीसी बैंड, एनसीसी एवं एनएसएस कैडेट्स तथा विश्वविद्यालय के 11 संघटक स्कूलों के प्रतिनिधियों ने अनुशासित परेड के माध्यम से एकता, अनुशासन और खेल भावना का संदेश दिया।

विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. विपिन चंद्र घिल्डियाल ने खेलोत्सव के शुभारंभ की औपचारिक घोषणा की। खेलोत्सव के चेयरपर्सन डॉ. पुनीत ओहरी, सचिव डॉ. एस.पी. जोशी एवं छात्र सुमीर ने खेल मशाल प्रज्ज्वलित कर प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ किया। विश्वविद्यालय के प्रेसिडेंट श्रीमहंत देवेंद्र दास महाराज ने आयोजन से जुड़े सभी लोगों एवं प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दीं।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन

उद्घाटन समारोह में गढ़वाली लोक संगीत पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुति ने दर्शकों का मन मोह लिया। योग के विद्यार्थियों ने विभिन्न योगासनों के माध्यम से शारीरिक एवं मानसिक संतुलन का संदेश दिया। वहीं, विश्वविद्यालय के राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक विजेता खिलाड़ियों ने खेल मशाल के साथ ट्रैक का चक्कर लगाकर प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाया।

डॉ. वाणी शर्मा ने श्रीमहंत देवेंद्र दास महाराज का संदेश एवं आशीर्वचन खिलाड़ियों के समक्ष प्रस्तुत किए। एनसीसी की 11 यूके बटालियन के अंडर ऑफिसर आदर्श भंडारी एवं अंडर ऑफिसर नीलम ने कैडेट्स का प्रतिनिधित्व करते हुए मुख्य अतिथि को सलामी दी। कॉलेज ऑफ नर्सिंग की छात्रा एवं राष्ट्रीय स्तर की रजत पदक विजेता दिव्या रावत ने प्रतिभागियों को खेल भावना की शपथ दिलाई।

सर्वांगीण विकास में खेलों की अहम भूमिका

कुलपति प्रो. विपिन चंद्र घिल्डियाल ने कहा कि विश्वविद्यालय का उद्देश्य विद्यार्थियों को डिग्री प्रदान करने के साथ-साथ उनका सर्वांगीण विकास सुनिश्चित करना है। खेल विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना विकसित करते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से पूरे उत्साह एवं समर्पण के साथ प्रतियोगिताओं में भाग लेने और जीत-हार से ऊपर उठकर खेल भावना बनाए रखने का आह्वान किया।

कुलसचिव डॉ. सोनिका कंडारी ने कहा कि खेलोत्सव विद्यार्थियों की ऊर्जा, प्रतिभा और सामूहिक सहभागिता का उत्सव है। खेलों में भागीदारी से शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक विकास को बढ़ावा मिलता है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम का संचालन आकृति रावत एवं यश मदान ने किया। आयोजन सचिव डॉ. एस.पी. जोशी ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। समारोह में विश्वविद्यालय के वरिष्ठ अधिकारी, संकायाध्यक्ष, विभागाध्यक्ष, शिक्षक, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *