Your Website Description

SSC ऑनलाइन परीक्षा में हाईटेक नकल का मामला: STF ने दिल्ली से एक और आरोपी को किया गिरफ्तार

परीक्षा केंद्र के कंप्यूटरों का रिमोट एक्सेस दिलाने के लिए IP संबंधी जानकारी साझा करने का आरोप, पहले सात आरोपी हो चुके हैं गिरफ्तार

देहरादून। उत्तराखंड स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने कर्मचारी चयन आयोग (SSC) की ऑनलाइन परीक्षा में हाईटेक तरीके से नकल कराने के मामले में एक और आरोपी को दिल्ली से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान अंकित कुमार (22), पुत्र अनिल पासवान, निवासी मुगलसराय, जनपद चंदौली, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। STF के अनुसार, आरोपी परीक्षा केंद्र पर पर्यवेक्षक के रूप में तैनात था और उस पर नकल कराने वाले गिरोह को कंप्यूटरों का रिमोट एक्सेस उपलब्ध कराने के लिए IP संबंधी जानकारी साझा करने का आरोप है।

फरवरी 2026 में दर्ज हुआ था मुकदमा

STF के प्रेस नोट के अनुसार, SSC की मल्टीटास्किंग स्टाफ (MTS) एवं हवलदार ऑनलाइन परीक्षा में नकल कराने के मामले में 14 फरवरी 2026 को देहरादून की कोतवाली नगर में मुकदमा संख्या 58/2026 दर्ज किया गया था। मामले की संवेदनशीलता और तकनीकी पहलुओं को देखते हुए जांच STF उत्तराखंड को सौंपी गई।

जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्यों और अन्य तथ्यों के आधार पर अंकित कुमार की भूमिका सामने आई। इसके बाद STF की टीम ने उसे दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, परीक्षा केंद्र पर उसकी जिम्मेदारी अभ्यर्थियों के पहचान पत्रों की जांच करने और नकल जैसी अवांछित गतिविधियों पर नजर रखने की थी।

पहले सात आरोपी हो चुके हैं गिरफ्तार

STF के अनुसार, इस मामले में गिरोह के सात अन्य आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। अंकित कुमार से पूछताछ के दौरान मामले से जुड़ी अन्य महत्त्वपूर्ण जानकारियां सामने आई हैं। इनके आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

इसके अतिरिक्त, आरोपी नवंबर 2025 में SSC की टियर-1 मल्टीटास्किंग स्टाफ एवं क्लेरिकल स्टाफ परीक्षा में नकल से संबंधित एक अन्य मुकदमे में भी वांछित था।

मोबाइल फोन बरामद, STF कर रही जांच

कार्रवाई के दौरान STF ने आरोपी के पास से एक मोबाइल फोन बरामद किया है। मामले की विवेचना पुलिस उपाधीक्षक STF/ANTF परवेज अली कर रहे हैं।

गिरफ्तारी करने वाली टीम में पुलिस उपाधीक्षक परवेज अली, उपनिरीक्षक दीपक मैठाणी, हेड कांस्टेबल प्रमोद तथा कांस्टेबल प्रदीप और रवि पंत शामिल रहे। मामले में आगे की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *