एमडीडीए के नोटिस से छोटे दुकानदारों में रोजगार छिनने का डर, कार्रवाई पर रोक लगाने की उठाई मांग
डोईवाला। नगर पालिका परिषद डोईवाला क्षेत्र में मसूरी–देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) द्वारा लंबे समय से दुकानें और व्यवसाय संचालित कर रहे छोटे दुकानदारों एवं व्यापारियों को नोटिस जारी किए जाने का मामला तूल पकड़ने लगा है। व्यापारियों के हितों की रक्षा की मांग को लेकर नगर पालिका परिषद डोईवाला के अध्यक्ष नरेंद्र सिंह नेगी (नंदू प्रधान) के नेतृत्व में उप जिलाधिकारी, डोईवाला के माध्यम से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नाम ज्ञापन सौंपा गया।

ज्ञापन में कहा गया कि क्षेत्र में कई छोटे दुकानदार एवं व्यापारी पिछले करीब 30 वर्षों से अपनी दुकानें और व्यवसाय संचालित कर रहे हैं। ऐसे में एमडीडीए की ओर से नोटिस जारी किए जाने से उनके सामने रोजगार और आजीविका का संकट खड़ा हो गया है। इन व्यापारियों के परिवारों का भरण-पोषण लंबे समय से इन्हीं व्यवसायों के माध्यम से हो रहा है। कार्रवाई से उनकी आर्थिक स्थिति प्रभावित होने की आशंका है।
व्यापारियों की आजीविका प्रभावित न करने की मांग
ज्ञापन के माध्यम से मुख्यमंत्री से आग्रह किया गया कि छोटे दुकानदारों एवं व्यापारियों की परिस्थितियों को मानवीय दृष्टिकोण से देखते हुए एमडीडीए की कार्रवाई पर रोक लगाने के लिए आवश्यक निर्देश जारी किए जाएं। साथ ही, वर्षों से व्यवसाय कर अपने परिवारों का पालन-पोषण कर रहे व्यापारियों के हितों को ध्यान में रखते हुए उचित समाधान निकाला जाए, ताकि उनकी आजीविका पर संकट न आए।
नगर पालिका अध्यक्ष नरेंद्र सिंह नेगी (नंदू प्रधान) के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन के माध्यम से व्यापारियों को राहत प्रदान करने और उनके रोजगार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग उठाई गई।
