विश्व प्लम्बर दिवस पर देहरादून में 33 प्लम्बर्स, पम्प ऑपरेटर और फीटर्स सम्मानित

देहरादून। जल महोत्सव पखवाड़ा के अंतर्गत विश्व प्लम्बर दिवस के अवसर पर भवन सभागार, सर्वे चौक देहरादून में जिला स्तर पर “प्लम्बर सम्मान समारोह” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन जिला जल एवं स्वच्छता मिशन, देहरादून के तत्वावधान में किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि मुख्य विकास अधिकारी एवं उपाध्यक्ष जिला जल एवं स्वच्छता मिशन अभिनव शाह ने किया।

सम्मान समारोह के दौरान उत्तराखण्ड पेयजल निगम और उत्तराखण्ड जल संस्थान में पेयजल योजनाओं के संचालन और रख-रखाव में उत्कृष्ट योगदान देने वाले 33 प्लम्बर्स, पम्प ऑपरेटर और फीटर्स को टूल किट भेंट कर सम्मानित किया गया।

अपने संबोधन में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह ने कहा कि पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के अंतर्गत कार्यरत प्रथम पंक्ति के कार्यकर्ता—जैसे प्लम्बर्स, पम्प ऑपरेटर और फीटर्स—पेयजल योजनाओं के सुचारु संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इनके कुशल कार्य के कारण लोगों को घरों में नल के माध्यम से शुद्ध पेयजल उपलब्ध हो रहा है, जिससे जलजनित बीमारियों और शिशु मृत्यु दर में भी कमी आई है।

यह प्लम्बर सम्मान समारोह जनपद स्तर के साथ-साथ जनपद के सभी छह विकासखंडों में भी आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों को जल संरक्षण, संवर्धन और पेयजल स्रोतों की सुरक्षा के लिए अपने परिवार, समाज और आने वाली पीढ़ियों को जागरूक करने की शपथ भी दिलाई गई।

इस अवसर पर सुनील कुमार सहित जिला जल एवं स्वच्छता मिशन के अधिकारी-कर्मचारी, उत्तराखण्ड पेयजल निगम और उत्तराखण्ड जल संस्थान की विभिन्न शाखाओं में कार्यरत प्लम्बर्स, पम्प ऑपरेटर और फीटर्स उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *