नई टिहरी में कक्षा 2, 5 और 8 के विद्यार्थियों का दक्षता आधारित आकलन, 5 अक्टूबर को अगला टेस्ट

नई टिहरी। जनपद के प्राथमिक, उच्च प्राथमिक विद्यालयों सहित कक्षा आठ संचालित हाईस्कूल और इंटर कॉलेजों में कक्षा 2, 5 और 8 के विद्यार्थियों का दक्षता आधारित बेसलाइन आकलन कराया गया। इस दौरान विद्यार्थियों की विषयवार शैक्षिक दक्षताओं का मूल्यांकन किया गया।कक्षा 2 में हिंदी और गणित, कक्षा 5 में हिंदी, गणित एवं पर्यावरण अध्ययन तथा कक्षा 8 में हिंदी, गणित, विज्ञान एवं सामाजिक विज्ञान विषयों का आकलन किया गया।

कम उपलब्धि वाली दक्षताओं की होगी पहचान

मुख्य शिक्षा अधिकारी कमला बडवाल ने बताया कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के तहत विद्यार्थियों की शैक्षिक दक्षताओं का आकलन कर कम उपलब्धि वाली दक्षताओं को चिन्हित किया जा रहा है। इसके आधार पर डायट की ओर से प्रत्येक शनिवार को विद्यालयों में उपचारात्मक शिक्षण कराया जा रहा है। साथ ही दक्षता आधारित प्रश्नपत्रों के माध्यम से विद्यार्थियों की प्रगति का नियमित आकलन किया जा रहा है।

SJVN

विज्ञापन

ऑनलाइन बैठक में मुख्य शिक्षा अधिकारी ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों, उप शिक्षा अधिकारियों, डायट मेंटर्स, बीआरपी और सीआरपी को उपचारात्मक शिक्षण की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए। उन्होंने विद्यार्थियों को आवश्यक शैक्षिक सहयोग उपलब्ध कराने और आकलन के परिणामों की जानकारी अभिभावकों तक पहुंचाने को भी कहा।

5 अक्टूबर को होगा अगला आकलन

डायट के प्राचार्य सुमेर सिंह कैंतुरा ने बताया कि अगला दक्षता आधारित आकलन 5 अक्टूबर 2026 को कराया जाएगा। इसके लिए विद्यालयों को समय से सभी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं। बीआरपी और सीआरपी को आकलन प्रक्रिया की निगरानी की जिम्मेदारी दी गई है।

जनपद स्तरीय समन्वयक डॉ. वीर सिंह रावत ने बताया कि डायट की ओर से दक्षता आधारित प्रश्नपत्र विकसित एवं मुद्रित किए जा रहे हैं। प्रश्नपत्रों को विद्यालयों तक पहुंचाने के लिए 1 अक्टूबर 2026 को सभी बीआरपी और सीआरपी को संस्थान में बुलाया गया है।

बैठक में ये अधिकारी रहे मौजूद

बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक वी.पी. सिंह, राज्य स्तरीय समन्वयक डॉ. अजय चौरसिया, राजेंद्र बडोनी, नरेश कुमाई, विनोद पेटवाल, डॉ. सुमन नेगी, डॉ. मनवीर नेगी और सीमा शर्मा सहित अन्य अधिकारी एवं कार्मिक मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *