दूरस्थ क्षेत्र के विद्यालय ने रचा नया कीर्तिमान, ‘स्वच्छ एवं हरित विद्यालय रेटिंग’ में राष्ट्रीय स्तर पर पहुंचा

अगस्त्यमुनि। ब्लॉक के दूरस्थ क्षेत्र में स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय कोटरल्ला ने एक बार फिर अपनी उत्कृष्ट कार्यशैली से क्षेत्र का नाम रोशन किया है। भारत सरकार द्वारा संचालित स्वच्छ एवं हरित विद्यालय रेटिंग के अंतर्गत विद्यालय का केंद्रीय टीम द्वारा भौतिक सत्यापन किया गया।

विद्यालय के सहायक अध्यापक सुखदीप सिंह चौहान ने बताया कि देशभर के विद्यालयों से निर्धारित 60 मानकों के आधार पर आवेदन आमंत्रित किए गए थे। विद्यालय ने सभी मानकों को पूर्ण करते हुए नियमानुसार आवेदन प्रस्तुत किया। प्रारंभिक चरण में जिला स्तर पर सत्यापन के बाद विद्यालय को राज्य स्तर के लिए अनुशंसित किया गया।

राज्य स्तर पर राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद उत्तराखंड (SCERT) की टीम के पर्यवेक्षक सुनील भट्ट द्वारा विद्यालय का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान स्वच्छता, शैक्षिक गतिविधियों और विद्यालय की समग्र व्यवस्थाओं का गहन मूल्यांकन किया गया। राज्य स्तर पर सफल मूल्यांकन के पश्चात विद्यालय को राष्ट्रीय स्तर के लिए अनुशंसित किया गया।

इसी क्रम में केंद्रीय टीम के सदस्य हेमराज सिंह विद्यालय पहुंचे और व्यवस्थाओं का विस्तृत अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान पेयजल व्यवस्था, शौचालयों की उपलब्धता, स्वच्छता की स्थिति, पोषण वाटिका की देखरेख तथा इको क्लब की गतिविधियों की समीक्षा की गई। टीम ने बाल संसद एवं इको क्लब के सदस्यों से संवाद कर विद्यालय की नवाचार पहल की सराहना की।

निरीक्षण के दौरान प्रधानाध्यापक सतेंद्र भंडारी, शिक्षकगण एवं विद्यालय परिवार के अन्य सदस्य उपस्थित रहे। विद्यालय परिवार को विश्वास है कि स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के क्षेत्र में किए गए सतत प्रयासों के बल पर विद्यालय राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट स्थान प्राप्त करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *