गोपेश्वर। बदरीनाथ धाम में अचानक तबीयत बिगड़ने पर मध्यप्रदेश के उज्जैन निवासी 60 वर्षीय बृह मोहन माहेश्वरी को हेलीकॉप्टर से देहरादून पहुंचाया गया। श्रद्धालु की गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें उच्च चिकित्सा केंद्र (हायर सेंटर) रेफर किया था। इसके बाद जिला प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग ने समन्वय स्थापित कर उन्हें एयरलिफ्ट करने की व्यवस्था की।

जानकारी के अनुसार, बदरीनाथ धाम में बृह मोहन माहेश्वरी की अचानक तबीयत बिगड़ गई। उन्हें तत्काल बदरीनाथ अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार दिया। इसके बाद उनकी स्थिति को देखते हुए उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ज्योतिर्मठ रेफर किया गया।
ज्योतिर्मठ में चिकित्सकों ने जांच के बाद श्रद्धालु को बेहतर उपचार के लिए उच्च चिकित्सा केंद्र ले जाने की सलाह दी। इसके बाद जिला प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग ने आवश्यक समन्वय कर हेलीकॉप्टर के माध्यम से उन्हें ज्योतिर्मठ से देहरादून पहुंचाने की व्यवस्था की।
प्रशासन की तत्परता से गंभीर रूप से बीमार श्रद्धालु को समय पर एयरलिफ्ट कर उच्च स्तरीय चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में कदम उठाया गया।
