नई टिहरी। जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल की अध्यक्षता में जिला कार्यालय स्थित वीसी कक्ष में जिला पत्रकार स्थायी समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में पत्रकारों से जुड़े विभिन्न विषयों और समस्याओं पर चर्चा करते हुए उनके समाधान के लिए आवश्यक कार्यवाही पर विचार-विमर्श किया गया।
दूरस्थ क्षेत्रों में कवरेज के लिए वाहनों की व्यवस्था
बैठक में प्रेस क्लब टिहरी के अध्यक्ष अनुराग उनियाल ने दूरस्थ और दुर्गम क्षेत्रों में समाचार कवरेज के दौरान पत्रकारों को होने वाली परेशानियों से जिलाधिकारी को अवगत कराया। उन्होंने बड़े आयोजनों और दूरस्थ क्षेत्रों में कवरेज के लिए आवागमन की व्यवस्था में आने वाली दिक्कतों का विषय रखा।
इस पर जिलाधिकारी ने कहा कि बड़े कार्यक्रमों से एक दिन पहले संबंधित विभागों से समन्वय कर विभागीय वाहन की व्यवस्था की जाएगी, ताकि पत्रकारों को कार्यक्रम स्थल तक पहुंचने और कार्यक्रम के बाद वापस लौटने में सुविधा हो।
उन्होंने कहा कि जनपद के दूरस्थ क्षेत्रों में सफलता की कहानी तैयार करने के इच्छुक पत्रकार पहले से जिला सूचना कार्यालय को जानकारी दे सकते हैं। उपलब्ध संसाधनों के अनुसार सूचना विभाग की ओर से कवरेज के लिए आवश्यक सहयोग और वाहन की व्यवस्था की जाएगी।
टिहरी डैम टॉप पर रात में आवाजाही का मुद्दा उठा
प्रेस क्लब टिहरी के महासचिव विजय गुसाईं ने टिहरी डैम टॉप से रात में आवागमन बंद होने के कारण फील्ड कवरेज से लौटने वाले पत्रकारों को होने वाली परेशानी का मुद्दा उठाया।
उन्होंने बताया कि निर्धारित समय के बाद डैम टॉप से आवाजाही बंद होने पर पत्रकारों को लंबा वैकल्पिक मार्ग अपनाना पड़ता है। जिलाधिकारी ने संबंधित स्तर पर समन्वय कर समस्या के समाधान की दिशा में आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।

पत्रकार आवास और प्रेस मान्यता का मुद्दा
बैठक में पत्रकारों को आवंटित आवासों के रखरखाव और अन्य व्यवस्थाओं से जुड़ी समस्याएं भी उठाई गईं। जिलाधिकारी ने मामले का परीक्षण कर आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने की बात कही।
वहीं, पत्रकारों की जनपद स्तरीय प्रेस मान्यता से जुड़े नियमों में शिथिलीकरण की मांग पर जिलाधिकारी ने सचिव, सूचना को पत्र भेजने का आश्वासन दिया।
घनसाली में मीडिया सेंटर की मांग
वरिष्ठ पत्रकार तेजराम सेमवाल और अमनदीप भट्ट ने घनसाली क्षेत्र में मीडिया सेंटर स्थापित करने अथवा इसके लिए भूमि उपलब्ध कराने का मुद्दा उठाया। जिलाधिकारी ने उप जिलाधिकारी और खंड विकास अधिकारी के माध्यम से भूमि एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की संभावनाओं का परीक्षण कराने की बात कही।
डीएम ने फैक्ट चेक पर दिया जोर
जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल ने कहा कि सोशल मीडिया के दौर में समाचारों की विश्वसनीयता बनाए रखना बेहद महत्वपूर्ण है। पत्रकारों को समाचार प्रकाशित या प्रसारित करने से पहले तथ्यों का सत्यापन और फैक्ट चेक अवश्य करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि पत्रकारों से जुड़े विषयों और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए जिला प्रशासन की ओर से हरसंभव सहयोग किया जाएगा।
बैठक में जिला सूचना अधिकारी द्रवनीता शर्मा, वरिष्ठ पत्रकार अब्बल चंद रमोला, अखिलेश नंदा, पुलिस विभाग से एसआई किशन देवरानी, अतिरिक्त जिला सूचना अधिकारी प्रमोद बर्तवाल तथा सूचना विभाग से मनीष रतूड़ी, देवेंद्र रावत और कनिष्ठ सहायक धीरेश सकलानी उपस्थित रहे।
