सीएम धामी ने भारत दर्शन पर जा रहे 68 मेधावी छात्रों से की भेंट
कीर्तिनगर/देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कीर्तिनगर विकासखंड के स्वामी मनमथन प्रेक्षागृह में देवप्रयाग विधानसभा से भारत दर्शन शैक्षिक भ्रमण के 10वें संस्करण के तहत जा रहे 68 मेधावी विद्यार्थियों से भेंट की।
मुख्यमंत्री ने छात्रों से संवाद कर उनकी तैयारियों की जानकारी ली और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह भ्रमण छात्रों को देश की विविधता, इतिहास, संस्कृति और विज्ञान को करीब से समझने का मौका देता है।
ऐसे अनुभव कक्षा से बाहर ज्ञान को व्यापक बनाते हैं।सीएम ने छात्रों से कहा कि भ्रमण के दौरान देश के प्रतिष्ठित संस्थानों को देखें, वहां से सीखें और अपने अनुभव साथियों से साझा करें।

जीवन में लक्ष्य तय कर निरंतर प्रयास करें।उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प की दिशा में उत्तराखंड लगातार आगे बढ़ रहा है। नीति आयोग के सतत विकास लक्ष्यों में उत्तराखंड देश में पहले स्थान पर है।
उत्तराखंड यूसीसी लागू करने वाला पहला राज्य बना है और सख्त नकल विरोधी कानून भी लागू किया गया है।विधायक विनोद कंडारी ने कहा कि 10 साल से लगातार यह कार्यक्रम चलाना बड़ी उपलब्धि है।
इससे बच्चों में प्रतिस्पर्धा की भावना बढ़ी है और अब कई छात्र 96 प्रतिशत तक अंक ला रहे हैं।इस दौरान जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल, एसएसपी श्वेता चौबे, भाजपा जिलाध्यक्ष उदय रावत सहित कई अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
