गढ़वाल विवि में राष्ट्रीय खेल दिवस समारोह का समापन, विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता हुए सम्मानित

श्रीनगर। हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय के बिड़ला परिसर में आयोजित राष्ट्रीय खेल दिवस-2026 के खेल समारोह का रविवार को भव्य समापन हुआ। इंडोर बैडमिंटन हॉल में आयोजित समापन समारोह में विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं के विजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी एवं प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया।

समापन समारोह के मुख्य अतिथि राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) श्रीनगर के कुलसचिव डॉ. एचएम आजाद और गढ़वाल विश्वविद्यालय के पूर्व अधिशासी अभियंता विजयानंद बहुगुणा रहे। उन्होंने खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ आगे बढ़ने और ‘फिट इंडिया’ के संदेश को अपने जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया।

बैडमिंटन में एनआईटी और एचएनबीजीयू का दबदबा

बैडमिंटन स्टाफ युगल मुकाबले में एनआईटी के डॉ. कुलदीप सिंह और पंकज की जोड़ी ने शिक्षा विभाग के सुमित और प्रवीण को 17-15, 15-10 से हराकर खिताब जीता।

विद्यालय संयुक्त टीम मुकाबले में गुरु राम राय विद्यालय ने सेंट थेरेसा कॉन्वेंट को 2-1 से पराजित किया। अंतर संस्थान महिला वर्ग में एचएनबीजीयू ने एनआईटी को 2-0 से शिकस्त दी। पुरुष वर्ग में कुलपति एकादश ने कुलसचिव एकादश को 2-0 से हराया।

पिट्टू में रेनबो पब्लिक स्कूल विजेता

पिट्टू अंतर-विद्यालय प्रतियोगिता में रेनबो पब्लिक स्कूल ने गुरु राम राय पब्लिक स्कूल को 101-90 अंकों से हराकर खिताब अपने नाम किया।

शतरंज ओपन के पुरुष वर्ग में विशाल सिंह प्रथम, अभिषेक भर्ती द्वितीय और हर्षित सैनी तृतीय स्थान पर रहे। महिला वर्ग में अलीशा ने प्रथम, एनआईटी की ऋत्विका ने द्वितीय और दिव्या भारती ने तृतीय स्थान हासिल किया।

फुटबॉल स्टाफ प्रदर्शनी मैच में कुलसचिव एकादश ने कुलपति एकादश को 3-1 से हराया। रस्साकसी के पुरुष वर्ग में शारीरिक शिक्षा विभाग ने आर्यभट्ट छात्रावास और महिला वर्ग में अलकनंदा छात्रावास को पराजित किया।

विजेताओं को ट्रॉफी और प्रमाण-पत्र से किया सम्मानित

प्रतियोगिताओं के समापन अवसर पर सभी विजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन संदीप रावत ने किया।

इस अवसर पर बिड़ला परिसर के निदेशक प्रो. हरिभजन सिंह चौहान, अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. ओपी गुसाईं, कार्यक्रम समन्वयक डॉ. मोहित सिंह बिष्ट सहित विश्वविद्यालय के अधिकारी, शिक्षक और प्रतिभागी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *