रुद्रप्रयाग। अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली ऊखीमठ पुलिस ने चेकिंग के दौरान दो नेपाली नागरिकों को 31 बोतल अवैध शराब के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस अधीक्षक रुद्रप्रयाग के निर्देशन में जनपद में मादक पदार्थों और अवैध शराब की तस्करी के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में कोतवाली ऊखीमठ पुलिस टीम चेकिंग कर रही थी। इस दौरान संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर दो व्यक्तियों को रोककर उनकी तलाशी ली गई। तलाशी में दोनों के कब्जे से अवैध शराब बरामद हुई।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दीपक रौकाया पुत्र सर्जन रौकाया और गंग बिष्ट पुत्र हीरालाल बिष्ट के रूप में हुई है। दोनों मूल रूप से जिला कालिकोट, नेपाल के निवासी हैं और वर्तमान में लाल बाजार, सोनप्रयाग में रह रहे थे। पुलिस के अनुसार दीपक रौकाया के कब्जे से 16 बोतल और गंग बिष्ट के कब्जे से 15 बोतल अवैध शराब बरामद हुई।
कुल 31 बोतल अवैध शराब बरामद होने के बाद पुलिस ने दोनों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर लिया।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में वरिष्ठ उपनिरीक्षक राजेंद्र सिंह पुजारा, आरक्षी पूरन और आरक्षी राकेश नेगी शामिल रहे। पुलिस ने कहा कि अवैध शराब की तस्करी और बिक्री के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
