सीएम धामी ने सुनीं जनसमस्याएं, अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश

 

दिव्यांग कुलदीप को तत्काल आर्थिक सहायता और ट्राईसाइकिल उपलब्ध कराने के निर्देश, विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधिमंडलों से भी मिले मुख्यमंत्री

 

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोगों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान लोगों ने मुख्यमंत्री के समक्ष जनसमस्याओं के साथ-साथ क्षेत्रीय विकास से जुड़े मुद्दे और कई महत्वपूर्ण सुझाव भी रखे।

 

मुख्यमंत्री ने सभी समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित एवं प्रभावी समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनसमस्याओं का समयबद्ध निस्तारण राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।

 

जनसमस्याओं के समाधान में लापरवाही न हो

 

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शासन और प्रशासन के सभी स्तरों पर यह सुनिश्चित किया जाए कि आमजन को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से परेशान न होना पड़े। जनहित से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता के साथ त्वरित कार्रवाई की जाए और पात्र लोगों को योजनाओं एवं सरकारी सेवाओं का लाभ समय पर मिले।

 

दिव्यांग कुलदीप को तत्काल सहायता के निर्देश

 

जनसंवाद के दौरान मुख्यमंत्री ने दिव्यांग कुलदीप की समस्या को भी गंभीरता से सुना। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को तत्काल आर्थिक सहायता और ट्राईसाइकिल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि जरूरतमंद लोगों को उनकी आवश्यकता के अनुरूप समय पर सहायता उपलब्ध कराना सरकार की जिम्मेदारी है। अधिकारियों को ऐसे मामलों में मानवीय संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

 

विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधिमंडलों से भी मिले सीएम

 

मुख्यमंत्री ने इस दौरान राज्य कर मिनिस्ट्रीयल स्टाफ एसोसिएशन, प्रदेशीय जूनियर हाईस्कूल (पू.मा.) शिक्षक संघ, सीनियर सिटीजन वेलफेयर सोसाइटी उत्तराखंड, आबकारी उपनिरीक्षक संघ, श्री कल्प केदार मंदिर समिति, देवभूमि पूर्व सैनिक कल्याण समिति, हरिद्वार सहित विभिन्न संगठनों के शिष्टमंडलों और प्रतिनिधियों से भी मुलाकात की।

 

प्रतिनिधिमंडलों ने मुख्यमंत्री के समक्ष अपनी विभिन्न मांगें, समस्याएं और सुझाव रखे। मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को सभी प्रकरणों पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

 

अंतिम छोर तक पहुंचे योजनाओं का लाभ

 

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार जनसंवाद के माध्यम से जनता की समस्याओं के समाधान और जनभावनाओं के अनुरूप विकास कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।

 

उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य है कि शासन की योजनाओं और सेवाओं का लाभ समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक सरल, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पहुंचे। जनहित से जुड़े मामलों में सरकार की प्राथमिकता त्वरित समाधान और प्रभावी सेवा वितरण है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *