देहरादून। विकासखंड रायपुर की 16 ग्राम पंचायतों में कचरा प्रबंधन व्यवस्था को और मजबूत करने की दिशा में पहल की गई है। एसबीआई फाउंडेशन के सहयोग से वेस्ट वॉरियर्स संस्था द्वारा संचालित ‘Waste No More in Dehradun’ परियोजना के तहत पर्यावरण सखियों को नया कचरा संग्रहण वाहन सौंपा गया।
खंड विकास कार्यालय, रायपुर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण सखियों को वाहन उपलब्ध कराया गया। इससे घर-घर कचरा संग्रहण के साथ एकत्रित कचरे के सुरक्षित और व्यवस्थित परिवहन में मदद मिलेगी। नए वाहन से पर्यावरण सखियों की कार्यक्षमता बढ़ने के साथ अधिक घरों तक नियमित कचरा संग्रहण सेवा पहुंचाने की उम्मीद है।
ई-लोडर से पहले से कर रहीं कचरा संग्रहण
पर्यावरण सखियां पहले से ही ई-लोडर के माध्यम से घर-घर जाकर सूखे कचरे का संग्रहण कर रही हैं। एकत्रित कचरे को धनौला स्थित केंद्र पर पहुंचाया जाता है, जहां इसे 18 से 20 श्रेणियों में अलग-अलग किया जाता है।
पर्यावरण सखी समूह में 10 स्थानीय महिलाएं शामिल हैं। नए वाहन के मिलने से कचरा संग्रहण और परिवहन की प्रक्रिया अधिक व्यवस्थित एवं प्रभावी होने की संभावना है।
गांवों की स्वच्छता व्यवस्था को मिलेगा बढ़ावा
इस अवसर पर खंड विकास अधिकारी अपर्णा बहुगुणा की अध्यक्षता में बैठक भी आयोजित की गई। जिला पंचायत सदस्य वीर सिंह चौहान, ब्लॉक प्रमुख सरोजनी ज्वाड़ी, एबीडीओ मोहन लाल रतूड़ी, ग्राम प्रधान धनौला सोनिया थापा और स्वजल सामुदायिक विशेषज्ञ मंजू जोशी मौजूद रहे।
अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने पर्यावरण सखियों के कार्य की सराहना करते हुए कहा कि कचरा संग्रहण वाहन उपलब्ध कराया जाना गांवों की स्वच्छता और कचरा प्रबंधन व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
कार्यक्रम में वेस्ट वॉरियर्स से नवीन कुमार सदाना, विनोद सोलंकी और असलम खान तथा पर्यावरण सखियों में आरती ज्वाड़ी, बीना रावत, पूजा और शांति सहित अन्य सदस्य मौजूद रहीं।
