रुद्रप्रयाग। विश्व प्रसिद्ध केदारनाथ धाम में चल रही तीर्थयात्रा अपने चरम पर है और इसी के मद्देनज़र श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए जनपद पुलिस ने व्यापक और बहुस्तरीय सुरक्षा इंतज़ाम लागू कर दिए हैं। पुलिस अधीक्षक नीहारिका तोमर के निर्देशन में यात्रा मार्ग से लेकर मंदिर परिसर तक सुरक्षा व्यवस्था को अभेद बनाने के लिए विशेष रणनीति के तहत कार्य किया जा रहा है।
इसी क्रम में धाम के संवेदनशील स्थानों पर बम निरोधक दस्ता (बीडीएस) और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीमों द्वारा सघन एंटी-सबोटाज चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के दौरान मंदिर के प्रवेश द्वारों, प्रतीक्षा एवं विश्राम स्थलों सहित भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में अत्याधुनिक मेटल डिटेक्टर और अन्य उपकरणों से हर व्यक्ति एवं उनके सामान की गहन जांच की जा रही है।
सुरक्षा व्यवस्था को तकनीकी रूप से भी मजबूत किया गया है। सीसीटीवी कैमरों के व्यापक नेटवर्क के माध्यम से 24 घंटे निगरानी रखी जा रही है, जबकि ड्रोन के जरिए भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों और संवेदनशील बिंदुओं पर पैनी नजर बनाए रखी जा रही है। सुरक्षा एजेंसियों का उद्देश्य न केवल यात्रा को सुरक्षित और सुचारु बनाए रखना है, बल्कि किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि को समय रहते चिन्हित कर उस पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करना भी है।
रुद्रप्रयाग पुलिस ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे सुरक्षा जांच के दौरान पूर्ण सहयोग करें और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या लावारिस वस्तु की सूचना तत्काल नजदीकी पुलिस चौकी या ड्यूटी पर तैनात कर्मियों को दें। प्रशासन का मानना है कि श्रद्धालुओं की सतर्कता और सहयोग से ही यात्रा को सुरक्षित, व्यवस्थित और निर्विघ्न बनाया जा सकता है।
