मुख्यमंत्री धामी ने खैनूरी सड़क की मरम्मत के दिए निर्देश, आवागमन जल्द बहाल करने पर जोर

 

देहरादून। पुष्कर सिंह धामी ने चमोली जनपद के दशोली विकासखंड स्थित ग्राम खैनूरी को जोड़ने वाली सड़क के आपदा से क्षतिग्रस्त होने का तत्काल संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी चमोली एवं संबंधित विभागीय अधिकारियों को सड़क को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र दुरुस्त कर आवागमन सुचारु करने के निर्देश दिए हैं।

ग्राम खैनूरी के ग्रामीणों ने दूरभाष के माध्यम से मुख्यमंत्री से संपर्क कर सड़क की बदहाल स्थिति से अवगत कराया। ग्रामीणों ने बताया कि आपदा के कारण सड़क पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है, जिससे गांव के लगभग 120 परिवारों को आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

ग्रामीणों की समस्या सुनने के बाद मुख्यमंत्री ने तत्काल अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि क्षतिग्रस्त सड़क की प्राथमिकता के आधार पर मरम्मत कर ग्रामीणों के लिए सुरक्षित और सुचारु आवागमन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही, अधिकारियों को मौके का निरीक्षण कर स्थिति का आकलन करने और आवश्यकतानुसार सभी जरूरी कदम उठाने के निर्देश भी दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के प्रत्येक नागरिक की समस्या का समयबद्ध और प्रभावी समाधान राज्य सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने निर्देश दिए कि आपदा प्रभावित क्षेत्रों में सड़क, पेयजल, विद्युत और अन्य मूलभूत सुविधाओं की बहाली के कार्यों में किसी भी प्रकार की अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए। संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए जनसुविधाओं को जल्द से जल्द बहाल करें।

उन्होंने अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया कि आपदा प्रभावित क्षेत्रों में जनसमस्याओं के प्रति संवेदनशीलता के साथ कार्य किया जाए। ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों से प्राप्त शिकायतों पर विशेष ध्यान देते हुए उनका त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि स्थानीय लोगों को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार जनसरोकारों से जुड़े विषयों पर संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रही है और शासन-प्रशासन की जिम्मेदारी है कि आमजन से प्राप्त समस्याओं पर तत्काल प्रतिक्रिया देते हुए उनके समाधान के लिए प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने दोहराया कि आपदा प्रभावित क्षेत्रों में सामान्य जनजीवन को शीघ्र पटरी पर लाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए सभी संबंधित अधिकारियों को पूरी तत्परता के साथ कार्य करने तथा आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *