युवा शक्ति भाजपा की सबसे बड़ी ताकत, पारदर्शी भर्ती से युवाओं का बढ़ा भरोसा: भरत सिंह चौधरी

 

रुद्रप्रयाग। भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) की ओर से तिलवाड़ा में आयोजित ‘युवा संवाद’ कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी ने कहा कि युवा शक्ति भारतीय जनता पार्टी की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की पारदर्शी कार्यशैली के कारण प्रदेश के युवाओं का भविष्य सुरक्षित हुआ है तथा सरकारी नौकरियों में योग्यता और प्रतिभा को प्राथमिकता मिलने से युवाओं का सरकार पर विश्वास मजबूत हुआ है।

 

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री ने कहा कि वर्ष 2014, 2019 और 2024 के लोकसभा चुनावों के साथ ही 2017 और 2022 के विधानसभा चुनावों में भाजपा की ऐतिहासिक जीत के पीछे युवाओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने दावा किया कि स्टार्टअप इंडिया, प्रधानमंत्री मुद्रा योजना, कौशल विकास योजना और डिजिटल इंडिया जैसी केंद्र सरकार की योजनाओं ने युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराए हैं तथा उन्हें आत्मनिर्भर बनाने में अहम भूमिका निभाई है।

 

भरत सिंह चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड की भर्ती प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी बनाया गया है। उनके अनुसार अब सरकारी नौकरियां सिफारिश के बजाय योग्यता और परीक्षा में सफलता के आधार पर मिल रही हैं। उन्होंने दावा किया कि इसी व्यवस्था के तहत प्रदेश में लगभग 35 हजार युवाओं को रोजगार मिला है, जिससे हजारों परिवारों को लाभ पहुंचा है।

 

इस दौरान मंत्री ने कांग्रेस पर भी निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि सरकार की उपलब्धियों और युवाओं की प्रगति से विपक्ष असहज है तथा निराधार आरोप लगाकर जनता को भ्रमित करने का प्रयास कर रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता विकास और सुशासन की राजनीति के साथ खड़ी है।

 

कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष भारत भूषण भट्ट, बदरी-केदार मंदिर समिति के अध्यक्ष विजय कपरवान, पूर्व जिलाध्यक्ष वाचस्पति सेमवाल, नगर पंचायत अध्यक्ष विनीता पूरी, भाजयुमो जिलाध्यक्ष आशीष कंडारी सहित पार्टी के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में स्थानीय युवा उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *