नई दिल्ली: इंडियनऑयल ने ग्राहकों को तेज और सुविधाजनक एलपीजी सेवा उपलब्ध कराने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए 10 किलोग्राम के नए कम्पोजिट एलपीजी सिलेंडर इंडेन एक्स्ट्रालाइट नाउ (Indane XTRALITE NOW) और 5 किलोग्राम ‘छोटू’ सिलेंडर के लिए एक्सप्रेस होम डिलीवरी सेवा शुरू की है।
इंडियनऑयल के अध्यक्ष ए. एस. साहनी ने इस नई सेवा का शुभारंभ किया। कंपनी के अनुसार, अब ग्राहकों को बुकिंग के चार घंटे के भीतर सिलेंडर की डिलीवरी मिलेगी। इसके अलावा, पसंदीदा समय पर डिलीवरी और न्यूनतम दस्तावेजी प्रक्रिया जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध होंगी।
नया 10 किलोग्राम कम्पोजिट सिलेंडर पारंपरिक स्टील सिलेंडरों की तुलना में हल्का और जंग-रोधी है। इसकी पारदर्शी (ट्रांसलूसेंट) बॉडी के कारण उपभोक्ता आसानी से सिलेंडर में बची एलपीजी की मात्रा देख सकेंगे।
कंपनी ने 5 किलोग्राम के लोकप्रिय ‘छोटू’ सिलेंडर को भी इस एक्सप्रेस डिलीवरी सेवा में शामिल किया है, जिससे छोटे परिवारों, कामकाजी पेशेवरों और शहरी उपभोक्ताओं को अधिक सुविधा मिलेगी।

यह सेवा फिलहाल पुणे, गुरुग्राम, इंदौर और कोयंबटूर में शुरू की गई है। इंडियनऑयल का लक्ष्य अगस्त 2026 के मध्य तक इसे 25 अतिरिक्त शहरों और अक्टूबर 2026 के अंत तक देश के प्रमुख शहरों तक विस्तार देने का है।
ग्राहक IndianOil ONE ऐप और इंडियनऑयल के ग्राहक पोर्टल के माध्यम से नए कनेक्शन और रिफिल बुकिंग कर सकते हैं। कंपनी जल्द ही व्हाट्सएप के जरिए भी बुकिंग की सुविधा शुरू करेगी।
इंडियनऑयल का कहना है कि इस पहल का उद्देश्य आधुनिक उपभोक्ताओं को स्मार्ट, सुरक्षित और तेज एलपीजी सेवा उपलब्ध कराना तथा डिजिटल तकनीक के जरिए ग्राहक अनुभव को बेहतर बनाना है।
