देहरादून। कारगिल विजय दिवस की पूर्व संध्या पर शनिवार को राजधानी देहरादून राष्ट्रभक्ति के रंग में सराबोर हो उठी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गढ़ीकैंट स्थित शौर्य स्थल, चीड़बाग से ‘रन फॉर कारगिल हीरोज’ मैराथन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर उन्होंने शौर्य स्थल पर पुष्पचक्र अर्पित कर कारगिल के अमर शहीदों को श्रद्धांजलि दी और उनके सर्वोच्च बलिदान को नमन किया। साथ ही प्रदेशवासियों और देशवासियों को कारगिल विजय दिवस की शुभकामनाएं दीं।
मैराथन में बड़ी संख्या में युवाओं, पूर्व सैनिकों, मातृशक्ति और नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। देशभक्ति के नारों और तिरंगे की शान के बीच दौड़ते प्रतिभागियों का जोश पूरे वातावरण को राष्ट्रप्रेम से ओत-प्रोत कर रहा था।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि कारगिल युद्ध भारतीय सैन्य इतिहास का स्वर्णिम अध्याय है, जिसमें भारतीय सेना के वीर जवानों ने दुर्गम चोटियों पर अदम्य साहस और पराक्रम का परिचय देते हुए विजय प्राप्त की। उन्होंने कहा कि भारतीय सैनिकों के अद्वितीय बलिदान ने न केवल देश को ऐतिहासिक जीत दिलाई, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की कूटनीतिक क्षमता को भी मजबूत पहचान दिलाई।
उन्होंने कहा कि तत्कालीन प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी के दूरदर्शी नेतृत्व में भारत ने कारगिल युद्ध में ऐतिहासिक सफलता हासिल की। भारतीय सेना के रणबांकुरों ने अपने सर्वोच्च बलिदान से देश की आन, बान और शान को अक्षुण्ण रखा। ऐसे अमर वीर सपूत सदैव देशवासियों के लिए प्रेरणा स्रोत बने रहेंगे।
मुख्यमंत्री ने युवाओं से आह्वान किया कि वे कारगिल के वीर योद्धाओं के आदर्शों से प्रेरणा लेकर राष्ट्रनिर्माण, समाजसेवा और देशभक्ति के मार्ग पर आगे बढ़ें तथा अपने कर्तव्यों का समर्पण भाव से निर्वहन करें।
मैराथन का समापन गांधी पार्क में हुआ, जहां कैबिनेट मंत्री एवं सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी तथा कैबिनेट मंत्री खजान दास ने विभिन्न श्रेणियों में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर सभी उपस्थित लोगों ने देश की एकता, अखंडता और सुरक्षा के प्रति अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने की शपथ भी ली।

विभिन्न वर्गों के विजेता
- एनसीसी बालक वर्ग: सूरज (प्रथम), आयुष कुमार (द्वितीय), कृष ठाकुर (तृतीय)
- एनसीसी बालिका वर्ग: वैष्णवी (प्रथम), द्विवजा (द्वितीय), इल्मा (तृतीय)
- सीनियर सिटीजन वर्ग: मुकेश राणा (प्रथम), जितेन्द्र गुप्ता (द्वितीय), गोविन्द राणा (तृतीय)
- भूतपूर्व सैनिक वर्ग: कलम सिंह बिष्ट (प्रथम), विजय सिंह (द्वितीय), राम सिंह भण्डारी (तृतीय)
- दिव्यांग वर्ग: अनुष्का एवं सुनील नेगी (विजेता)
- 18 वर्ष से अधिक पुरुष वर्ग: अंकित पंवार (प्रथम), रोहित (द्वितीय), अमित कुमार (तृतीय)
- महिला वर्ग: तनुश्री चौहान (प्रथम), महक नेगी (द्वितीय), लीला शाह (तृतीय)
- उच्च शिक्षण संस्थान छात्र वर्ग: विपिन वर्मा (प्रथम), अंकित (द्वितीय), सागर जोशी (तृतीय)
- उच्च शिक्षण संस्थान छात्रा वर्ग: निकिता जोशी (प्रथम), रानी (द्वितीय), श्वेता (तृतीय)
