नगला इमरती के पास पुलिस ने बाइक सवार संदिग्धों को घेरा, जवाबी फायरिंग में आरोपी घायल
हरिद्वार। ठेके कारोबारी अमन हत्याकांड में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए रविवार देर रात एक आरोपी को कथित पुलिस मुठभेड़ के बाद घायल अवस्था में गिरफ्तार किया। वहीं, मुठभेड़ के दौरान दो अन्य आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में लगातार कांबिंग अभियान चला रही है।
पुलिस के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि बाइक सवार तीन संदिग्ध व्यक्ति क्षेत्र से गुजर रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने नगला इमरती के पास संदिग्ध बाइक सवारों को रोकने का प्रयास किया। आरोप है कि इस दौरान बाइक सवारों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी।
पुलिस की जवाबी कार्रवाई में सौरभ पुत्र देशराज, निवासी ढंडेरा घायल हो गया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान घायल आरोपी ने अमन हत्याकांड में खुद समेत तीन लोगों के शामिल होने की बात बताई है। हालांकि, मामले में पुलिस की जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर तथ्यों का सत्यापन किया जा रहा है।
मुठभेड़ के दौरान फरार हुए दोनों आरोपियों की तलाश में पुलिस की अलग-अलग टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश देने के साथ ही कांबिंग अभियान चला रही हैं। पुलिस का कहना है कि मामले में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं और विवेचना के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
