रुद्रप्रयाग। मुख्यमंत्री पोर्टल पर लंबित शिकायतों को लेकर जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने सख्त रुख अपना लिया है। सोमवार को जिला कार्यालय सभागार में हुई समीक्षा बैठक में उन्होंने अफसरों को स्पष्ट कहा कि शिकायतों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।
समीक्षा में सामने आया कि जनपद स्तर पर सीएम पोर्टल के एल-1 स्तर पर 81 और एल-2 स्तर पर 10, कुल 91 शिकायतें अभी भी निस्तारण के लिए लंबित हैं। डीएम ने सभी विभागीय अधिकारियों और नोडल अधिकारियों को इन्हें प्राथमिकता पर निपटाने के निर्देश दिए।
DM ने नाराजगी जताते हुए कहा कि कई शिकायतें सिर्फ फाइलों में घूम रही हैं, जबकि ग्राउंड पर काम नहीं हो रहा। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर तय समय में निस्तारण नहीं हुआ तो संबंधित अधिकारी की जिम्मेदारी तय की जाएगी।
जिलाधिकारी ने कहा कि हर शिकायत का गुणवत्तापूर्ण समाधान तय समयसीमा में होना चाहिए। निस्तारण के बाद शिकायतकर्ता को भी अनिवार्य रूप से सूचना दी जाए, ताकि उसे पता चले कि उसकी शिकायत पर क्या कार्रवाई हुई।
सूत्रों की मानें तो सबसे ज्यादा शिकायतें राजस्व, पेयजल और सड़क विभाग से जुड़ी हैं। अक्सर पहाड़ी क्षेत्रों में इन्हीं विभागों की शिकायतें लंबे समय तक लटकी रहती हैं।
बता दें कि इससे पहले खुद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने वर्चुअल माध्यम से सीएम पोर्टल की समीक्षा की थी और सभी जिलाधिकारियों को त्वरित निराकरण के निर्देश दिए थे। इसी क्रम में रुद्रप्रयाग में साप्ताहिक समीक्षा की जा रही है।
