गोपेश्वर। आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 की तैयारियों के तहत जनपद चमोली में बिहार के सीतामढ़ी जिले से प्राप्त 1100 कंट्रोल यूनिट (CU) और 200 वीवीपैट (VVPAT) मशीनों की स्क्रीनिंग का कार्य सोमवार को शुरू किया गया। यह प्रक्रिया भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में संपन्न कराई जा रही है।
विकास भवन, गोपेश्वर के सामने स्थित ईवीएम एवं वीवीपैट वेयरहाउस में मोबाइल एप के माध्यम से मशीनों की स्क्रीनिंग की जा रही है। स्क्रीनिंग कार्य का निरीक्षण अपर जिलाधिकारी एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी विवेक प्रकाश ने किया। उन्होंने अधिकारियों को आयोग के निर्धारित प्रोटोकॉल का शत-प्रतिशत पालन करते हुए पूरी प्रक्रिया पारदर्शी और निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए।
जिला प्रशासन के अनुसार, मुख्य निर्वाचन अधिकारी उत्तराखंड के निर्देश पर विधानसभा चुनाव-2027 की तैयारियों के लिए बिहार के सीतामढ़ी जिले से चमोली को 1100 कंट्रोल यूनिट और 200 वीवीपैट मशीनें आवंटित की गई हैं। जनपद में पहुंचने के बाद इन मशीनों को ईवीएम एवं वीवीपैट वेयरहाउस में सुरक्षित रखा गया है।
निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार सभी मशीनों की मोबाइल एप के माध्यम से स्क्रीनिंग की जा रही है। स्क्रीनिंग प्रक्रिया पूरी होने के बाद मशीनों को निर्धारित सुरक्षा मानकों के तहत दोबारा वेयरहाउस में सुरक्षित रखा जाएगा।
इस दौरान सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी डी.सी. सती, विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि तथा निर्वाचन कार्य से जुड़े अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
