नई टिहरी। जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल की अध्यक्षता में राजकीय महाविद्यालय नैनबाग में तहसील दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान क्षेत्रवासियों ने स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल, सिंचाई, जल निकासी, पर्यटन, खेल, पुलिस चौकी उच्चीकरण, अग्निशमन और ठोस अपशिष्ट प्रबंधन से जुड़ी 170 समस्याएं एवं मांगें जिलाधिकारी के समक्ष रखीं।
जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को सभी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को उपजिला चिकित्सालय में उच्चीकृत करने का प्रस्ताव शासन को भेजा जा चुका है।
तहसील दिवस में सड़क निर्माण, पेयजल योजनाओं, जल निकासी, आपदा से क्षतिग्रस्त परिसंपत्तियों के पुनर्निर्माण और कूड़ा निस्तारण से जुड़ी समस्याएं भी उठाई गईं। डीएम ने जल संस्थान, लोक निर्माण विभाग, सिंचाई, लघु सिंचाई और अन्य संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि जन समस्याओं का समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और सभी अधिकारी जनता से जुड़ी शिकायतों का गंभीरता से निस्तारण करें। बैठक में ब्लॉक प्रमुख सीता कंवर, उपजिलाधिकारी कमलेश मेहता, जिला विकास अधिकारी मो. असलम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
