नई टिहरी: जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने नई टिहरी स्थित ईवीएम एवं वीवीपैट वेयरहाउस का निरीक्षण कर सुरक्षा और व्यवस्थाओं की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने वेयरहाउस में रखी मशीनों की सुरक्षा व्यवस्था, रिकॉर्ड के रख-रखाव, सीसीटीवी निगरानी प्रणाली तथा प्रवेश नियंत्रण व्यवस्था का बारीकी से निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने एफएलसी हॉल, डबल लॉक सिस्टम सहित वेयरहाउस के विभिन्न ब्लॉकों का भी जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वेयरहाउस में चल रहे आवश्यक मरम्मत कार्यों को गुणवत्ता के साथ समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए, ताकि सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन सुनिश्चित हो सके।
इस अवसर पर भाजपा प्रतिनिधि जयेंद्र पंवार, युवा कांग्रेस सदस्य नवीन सेमवाल, अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी, सहायक निर्वाचन अधिकारी विजय तिवारी, जवाहर सिंह, ग्रामीण निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता विशाल चौहान सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
