नई टिहरी:
सेवा, सुशासन एवं समर्पण अभियान के तहत आयोजित सेवा पखवाड़ा के शुभारंभ अवसर पर शनिवार को बौराड़ी नगर पालिका परिषद परिसर में विभिन्न विभागों द्वारा जनकल्याणकारी योजनाओं पर आधारित स्टॉल लगाए गए। इन स्टॉलों के माध्यम से आमजन को सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ पात्र लाभार्थियों को विभिन्न सेवाओं और योजनाओं का लाभ भी प्रदान किया गया।
कार्यक्रम में स्वास्थ्य, आयुर्वेद, ग्राम्य विकास, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति, समाज कल्याण, कृषि, उद्यान, मत्स्य, पशुपालन, महिला एवं बाल विकास, पेयजल, श्रम, सेवायोजन, पर्यटन, शिक्षा तथा सैनिक कल्याण विभाग सहित विभिन्न विभागों ने अपने-अपने स्टॉल स्थापित किए। विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों ने लोगों को योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी, पात्र लाभार्थियों का पंजीकरण किया तथा आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई।
इस दौरान पुलिस विभाग ने साइबर अपराधों की रोकथाम और डिजिटल सुरक्षा को लेकर विशेष जागरूकता अभियान चलाया। लोगों को ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव, साइबर सुरक्षा उपायों और हेल्पलाइन सेवाओं की जानकारी देकर सतर्क रहने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में कृषि एवं कृषक कल्याण, सैनिक कल्याण मंत्री तथा जनपद के प्रभारी मंत्री गणेश जोशी ने सभी विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों से योजनाओं की जानकारी लेते हुए निर्देश दिए कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से पहुंचाया जाए।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि सेवा पखवाड़ा का उद्देश्य शासन की योजनाओं को अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक पहुंचाकर अधिक से अधिक लोगों को लाभान्वित करना है।
