गांव-गांव पहुंच रहे पूर्व मंत्री दिनेश धनाई, कोटी खास में जनसंवाद कर सुनी ग्रामीणों की समस्याएं

 

नई टिहरी। पूर्व मंत्री दिनेश सिंह धनाई ने मंगलवार को जाखणीधार विकासखंड के ग्राम कोटी खास में जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं के समाधान के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे और जनप्रतिनिधियों का दायित्व है कि वे नियमित रूप से लोगों के बीच जाकर उनकी बात सुनें।

जनसंवाद कार्यक्रम को संबोधित करते हुए धनाई ने कहा कि वह लगातार टिहरी विधानसभा क्षेत्र के गांवों का दौरा कर लोगों की जरूरतों और समस्याओं को समझने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि तभी अपनी जिम्मेदारी निभा सकते हैं, जब वे जनता से सीधे संवाद बनाए रखें।

उन्होंने कहा कि आज कई जनप्रतिनिधि जनता की पहुंच से दूर हो गए हैं, जबकि लोकतंत्र में जनता के बीच रहकर जवाबदेही निभाना सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने लोगों से भी अपील की कि वे अपने जनप्रतिनिधियों से पांच वर्षों के कार्यों का हिसाब जरूर मांगें, क्योंकि जागरूक जनता ही क्षेत्र के विकास की दिशा तय करती है।

अपने कार्यकाल के विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए धनाई ने कहा कि क्षेत्र की पेयजल समस्या के समाधान के लिए कोशियार पंपिंग पेयजल योजना शुरू कराई गई थी। उन्होंने कहा कि बाद के वर्षों में इस योजना का अपेक्षित विस्तार नहीं हो सका, जिसके कारण कई गांव आज भी पेयजल संकट का सामना कर रहे हैं। उन्होंने जाखणीधार में पॉलीटेक्निक, एएनएम सेंटर तथा विभिन्न सड़कों के निर्माण और डामरीकरण जैसे कार्यों का भी उल्लेख किया।

बैठक में ग्रामीणों ने बेरोजगारी, वृद्धावस्था पेंशन और मूलभूत सुविधाओं से जुड़े मुद्दे प्रमुखता से उठाए। इस दौरान धनाई ने क्षेत्रवासियों द्वारा मिल रहे सहयोग और स्नेह के लिए आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम में क्षेत्र पंचायत सदस्य शीशपाल पंवार सहित बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि और ग्रामीण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *