नई टिहरी। आगामी निर्वाचक नामावली पुनरीक्षण कार्यक्रम को लेकर टिहरी जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने मंगलवार को निर्वाचन संबंधी विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सभी प्रक्रियाएं निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरी करने के निर्देश दिए।
समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि प्रत्येक आवेदन पत्र पर संबंधित बीएलओ की स्पष्ट टिप्पणी दर्ज की जाए और सभी मतदान स्थलों की सूची 2 जुलाई तक प्रिंट कर ली जाए। उन्होंने मुख्य निर्वाचन अधिकारी के निर्धारित कैलेंडर के अनुसार डिजिटाइजेशन, वैधता परीक्षण, मतदान केंद्रों के युक्तिकरण, प्रारूप निर्वाचक नामावली तैयार करने, सूची मुद्रण और प्रकाशन सहित सभी कार्य समयबद्ध ढंग से पूरे करने पर जोर दिया।
डीएम ने कहा कि 14 जुलाई को प्रारूप निर्वाचक नामावली के प्रकाशन के बाद दावों और आपत्तियों की सुनवाई के लिए पहले से विस्तृत कार्ययोजना तैयार की जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि ग्रामीण क्षेत्रों के मतदाताओं को सुनवाई के लिए लंबी दूरी तय न करनी पड़े, वहीं शहरी क्षेत्रों में भीड़भाड़ से बचने के लिए पर्याप्त संख्या में सुनवाई केंद्र बनाए जाएं।
बैठक में विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत चल रहे डिजिटाइजेशन कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप प्रत्येक कार्य गुणवत्ता और पारदर्शिता के साथ समय पर पूरा किया जाए।
