देहरादून:
विदेश में नौकरी दिलाने का सपना दिखाकर बेरोजगार युवाओं से लाखों रुपये और पासपोर्ट हड़पने का मामला सामने आया है। सोमवार को आयोजित समाधान दिवस में ऋषिकेश क्षेत्र के करीब 15 पीड़ित युवाओं ने जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान से शिकायत करते हुए आरोप लगाया कि एक व्यक्ति ने विदेश भेजने के नाम पर उनसे बड़ी रकम वसूली और पासपोर्ट अपने पास रख लिए। अब पैसे वापस मांगने पर उन्हें जान से मारने की धमकी दी जा रही है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से तत्काल वार्ता कर आरोपित के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट समेत कड़ी कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
समाधान दिवस में कुल 171 शिकायतें दर्ज की गईं। इनमें भूमि विवाद, अतिक्रमण, बैंक ऋण, मुआवजा, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं और आपदा से जुड़ी समस्याएं प्रमुख रहीं। कई मामलों का मौके पर ही निस्तारण किया गया, जबकि अन्य मामलों में संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
इसके अलावा नेहरू ग्राम की एक महिला की शिकायत पर दिव्यांग पेंशन से जुड़े मामले में तत्काल मेडिकल जांच और एक सप्ताह के भीतर पेंशन शुरू कराने के निर्देश दिए गए। रायवाला और नया गांव में अवैध अतिक्रमण हटाने, नथुवाला में बिजली के तारों से जुड़े खतरे को दूर करने तथा चकराता क्षेत्र में आपदा से क्षतिग्रस्त सिंचाई व्यवस्था के पुनर्निर्माण के लिए भी संबंधित विभागों को निर्देश जारी किए गए।
जिलाधिकारी ने कहा कि समाधान दिवस का उद्देश्य जनता की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि युवाओं से ठगी, महिलाओं और बुजुर्गों के उत्पीड़न जैसे मामलों में प्रशासन शून्य सहनशीलता की नीति पर काम करेगा।
