टिहरी। स्वच्छता के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने और शहर को प्लास्टिक मुक्त बनाने की दिशा में जिला प्रशासन एवं नगर पालिका परिषद नई टिहरी लगातार प्रयासरत हैं। इसी क्रम में साप्ताहिक स्वच्छता अभियान के तहत जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल और नगर पालिका परिषद अध्यक्ष मोहन सिंह रावत की मौजूदगी में मोलधार, ग्रीन पीआईसी, एसबीआई कॉलोनी सहित कई स्थलों पर व्यापक सफाई अभियान चलाया गया। इस दौरान प्लास्टिक कचरे का संग्रहण, झाड़ी कटान और रास्तों की सफाई का कार्य किया गया। अधिकारियों और कर्मचारियों के संयुक्त प्रयास से प्लास्टिक पनियों, खाली बोतलों और अन्य अपशिष्ट के लगभग 40 कट्टे एकत्र किए गए।
नगर पालिका परिषद और जिला प्रशासन द्वारा शहर में स्वच्छता के प्रति लोगों को प्रेरित करने हेतु प्रत्येक बुधवार को साप्ताहिक स्वच्छता श्रमदान कार्यक्रम आयोजित किया जाता है। इसी क्रम में आज का अभियान सुबह 8 बजे वार्ड नंबर 08 के राजकीय प्रताप इंटर कॉलेज, ग्रीन पीआईसी बौराड़ी और मोलधार क्षेत्र में शुरू हुआ। अभियान के दौरान मुख्य सड़कों, गलियों और सार्वजनिक स्थलों पर सफाई की गई। साथ ही झाड़ियों की कटाई और एकत्र प्लास्टिक अपशिष्ट के निस्तारण की व्यवस्था भी की गई।
प्लास्टिक मुक्त शहर की दिशा में नई टिहरी प्रशासन की पहल,जिलाधिकारी और नगर पालिका अध्यक्ष ने दी सफाई में भागीदारी
