राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित सरस आजीविका मेले का हुआ समापन

 टिहरी। ग्राम्य विकास विभाग उत्तराखंड और जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में पूर्णानंद स्टेडियम, मुनिकीरेती में 6 अक्टूबर से आयोजित दस दिवसीय सरस आजीविका मेला-2025 का समापन बुधवार को धूमधाम से हुआ। इस राष्ट्रीय स्तरीय मेले में देश के विभिन्न राज्यों से आए स्वयं सहायता समूहों ने अपने हस्तनिर्मित उत्पादों की प्रदर्शनी और बिक्री कर ग्रामीण आजीविका के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया।

समापन समारोह में मुख्य विकास अधिकारी वरूणा अग्रवाल ने मेले के सफल संचालन पर मुख्यमंत्री, प्रदेश के कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, सुबोध उनियाल और धन सिंह रावत सहित सभी जनप्रतिनिधियों, विभागों, संस्थाओं, मीडिया कर्मियों, स्कूली बच्चों और प्रतिभागी समूहों को धन्यवाद ज्ञापित किया। इस अवसर पर स्कूली बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया। कार्यक्रम के दौरान सभी स्वयं सहायता समूहों को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन हेतु प्रमाणपत्र भी प्रदान किए गए।

मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि 6 अक्टूबर से चले इस मेले में 17 राज्यों से आए विभिन्न स्वयं सहायता समूहों ने अपने उत्पादों की बिक्री के माध्यम से लगभग ढाई करोड़ रुपये का कारोबार किया। मेले में लगाए गए 175 स्टॉलों में से 15 समूह ऐसे रहे जिन्होंने डेढ़ से दो लाख रुपये तक की बिक्री की। उन्होंने कहा कि सरस मेले के साथ-साथ रोजगार मेला, क्रेता-विक्रेता सम्मेलन और गुल्लक-2 जैसे महत्वपूर्ण कार्यक्रम भी आयोजित किए गए।

रोजगार मेले में 35 युवाओं को मौके पर ही नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए, जबकि 150 युवाओं को द्वितीय चरण के लिए चयनित किया गया। मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना के तहत आयोजित क्रेता-विक्रेता सम्मेलन में लगभग 70 लाख रुपये के ऑर्डर प्राप्त हुए। वहीं, गुल्लक-2 निवेशक पिच सत्र के दौरान निवेशकों ने 36 लाख रुपये से अधिक के निवेश की वचनबद्धता जताई। इन आयोजनों से स्थानीय युवाओं, महिला समूहों और उद्यमियों को आत्मनिर्भर बनने की दिशा में नई प्रेरणा मिली है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *