गुलाब सिंह राजकीय महाविद्यालय चकराता में वार्षिकोत्सव धूमधाम से सम्पन्न

चकराता। श्री गुलाब सिंह राजकीय महाविद्यालय चकराता में वार्षिकोत्सव समारोह बड़े उत्साह और गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में क्षेत्रीय विधायक प्रीतम सिंह तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला पंचायत सदस्य वीरेंद्र रावत उपस्थित रहे।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि द्वारा मुख्यमंत्री उच्च शिक्षा प्रोत्साहन छात्रवृत्ति प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को प्रमाण पत्र एवं मेडल प्रदान कर सम्मानित किया गया। विधायक प्रीतम सिंह ने युवाओं में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि इससे बचाव के लिए समाज और अभिभावकों को मिलकर प्रयास करने होंगे।

कार्यक्रम में विभिन्न शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को भी पुरस्कृत किया गया। वार्षिकोत्सव के दौरान छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। पारंपरिक लोक नृत्य और समूह प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

कार्यक्रम में डॉ. पवन दास ने अपने विचार व्यक्त करते हुए अपनी लिखित पुस्तक मुख्य अतिथि को भेंट की। वहीं डॉ. सुमेर चंद सुमन ने कहा कि चकराता महाविद्यालय क्षेत्र के विकास की आधारशिला है और इसके संरक्षण व संवर्धन की जिम्मेदारी सभी क्षेत्रवासियों की है।

समारोह में मेधावी छात्र-छात्राओं—कुमारी नेहा जोशी, वनीता, कुमारी प्रिया, खुशी वर्मा, तनिषा तोमर, माही सेन, रोहन सिंह, लक्ष्मी और रिया पंत—को विशेष रूप से सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम का संचालन प्रवेश कुमार त्रिपाठी द्वारा किया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. आशुतोष शरण, डॉ. मंजू अग्रवाल, डॉ. शिवांगी उपाध्याय, डॉ. अनुज कुमार, डॉ. सुदीप्ता कंडारी सहित समस्त स्टाफ एवं सैकड़ों छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *