HNB गढ़वाल विश्वविद्यालय में छात्रसंघ समारोह सम्पन्न, उच्च शिक्षा मंत्री धन सिंह रावत ने की कई घोषणाएं

श्रीनगर गढ़वाल। हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय के बिड़ला परिसर में छात्रसंघ समारोह 2025-26 का आयोजन धूमधाम से सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. धन सिंह रावत उपस्थित रहे, जबकि राजकुमार पोरी विशिष्ट अतिथि के रूप में कार्यक्रम में शामिल हुए।

दीप प्रज्वलन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. प्रकाश सिंह ने सभी अतिथियों का स्वागत किया और छात्रसंघ पदाधिकारियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय को राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिष्ठित बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पुष्कर सिंह धामी को शामिल होना था, लेकिन गैरसैंण में चल रहे विधानसभा सत्र की व्यस्तताओं के कारण वे कार्यक्रम में उपस्थित नहीं हो सके।

अपने संबोधन में उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने विद्यार्थियों की मांगों पर सकारात्मक आश्वासन देते हुए विश्वविद्यालय को दो बसें उपलब्ध कराने, 200 छात्र-छात्राओं के लिए छात्रावास निर्माण कराने तथा परिसर में स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा स्थापित कराने की घोषणा की। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि यदि दो एकड़ भूमि उपलब्ध कराई जाती है तो श्रीनगर में साइंस सिटी स्थापित की जाएगी।

इस अवसर पर छात्रसंघ 2025-26 के अध्यक्ष महिपाल बिष्ट, महासचिव अनुरोध पुरोहित, उपाध्यक्ष शिवांक नौटियाल, सहसचिव अभिषेक सिंह, छात्रा प्रतिनिधि विदिशा सिंह, विश्वविद्यालय प्रतिनिधि अनमोल सिंह जायड़ा और कोषाध्यक्ष आयुष वेदवाल सहित अन्य पदाधिकारियों ने भी उच्च शिक्षा मंत्री के समक्ष अपनी मांगें रखीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *