विकासनगर। रोटरी दून विकास क्लब विकासनगर की ओर से सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज ढालीपुर में विकासनगर ब्लॉक स्तरीय मेधावी छात्र सम्मान समारोह-2026 का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विकासनगर ब्लॉक के विभिन्न विद्यालयों के मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक मुन्ना सिंह चौहान ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को जीवन में बड़े सपने देखने चाहिए और उन्हें पूरा करने के लिए निरंतर मेहनत करनी चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों से लक्ष्य निर्धारित कर पूरी लगन और मेहनत के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य वेदप्रकाश शर्मा और जसविंदर सिंह बिट्टू ने सम्मानित छात्र-छात्राओं को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की मेहनत और उपलब्धियां अन्य छात्रों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनती हैं।
रोटरी दून विकास क्लब के अध्यक्ष प्रशांत कुमार जैन ने कहा कि इस तरह के सम्मान समारोह आयोजित करने से विद्यार्थियों का मनोबल बढ़ता है और अन्य छात्र-छात्राओं को भी बेहतर प्रदर्शन करने की प्रेरणा मिलती है।
16 विद्यालयों के 93 मेधावी छात्र सम्मानित
कार्यक्रम में विकासनगर ब्लॉक के हाईस्कूल और इंटरमीडिएट स्तर के 16 विद्यालयों के 93 मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। विद्यार्थियों को उनकी शैक्षणिक उपलब्धियों के लिए सम्मानित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
कार्यक्रम के संयोजक सुदेश चौधरी रहे, जबकि संचालन संजय परमार ने किया।
इस अवसर पर रोटरी दून विकास क्लब के सचिव दीपक महेंद्रट्टा, सुरेश रावत, डॉ. दिनेश भंडारी, अनिल जैन, कुलदीप पराशर, अरुण शर्मा, अजय राणा, प्रदीप पोखरा, राजेश अग्रवाल, दीपक मित्तल, जीवन सजवाण, राजीव चावला, सतीश जायसवाल तथा विद्यालय के प्रबंधक संजीव पाल सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
