महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या के हाथों जनपद देहरादून में मिली नौकरी की सौगात
DEHRADUN। महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने मंगलवार को देहरादून जनपद में चयनित की गई 212 आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए। यह आयोजन वीर माधो सिंह भंडारी तकनीकी विश्वविद्यालय स्थित सभागार में किया गया।
महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग ने हाल ही में पूरे प्रदेश में 6330 आंगनबाड़ी सहायिकाओं और 722 आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों यानी कुल मिलाकर 7052 पदों पर भर्ती की है । इनमें से सबसे पहले देहरादून जनपद में 17 कार्यत्रियों और 195 सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए हैं। जल्द ही अन्य 12 जनपदों में भी कार्यक्रम आयोजित करके नियुक्ति पत्र वितरित किए जाएंगे।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकत्री का पद सिर्फ रोजगार का एक माध्यम नहीं, बल्कि यह सेवा का एक बड़ा अवसर है। भाजपा सरकार ने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों के मानदेय में सर्वाधिक बढ़ोतरी की है। कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि प्रदेश में पहली बार आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं की भर्ती ऑनलाइन मोड में आयोजित की गई और इस पूरी प्रक्रिया को सिर्फ 3 महीने के समय में पूरा कर लिया गया।
इस अवसर पर उपनिदेशक मोहित चौधरी, डीपीओ जितेंद्र कुमार, डीपीओ एसके त्रिपाठी, सीडीपीओ नीतू फुलेरा आदि उपस्थित रहे।
