देहरादून में सिंगल यूज प्लास्टिक पर बड़ी कार्रवाई, 38 दुकानों की जांच; 6 पर लगा 9,500 का जुर्माना

 

टर्नर रोड के मुन्नी चौक और आईएसबीटी मार्केट में छापेमारी, करीब 19 किलो प्रतिबंधित प्लास्टिक जब्त

 

देहरादून। सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ देहरादून जिला प्रशासन ने सख्ती तेज कर दी है। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान के निर्देश पर गुरुवार को वार्ड-78 टर्नर रोड में ताबड़तोड़ जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान टीम ने 38 प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया और प्रतिबंधित प्लास्टिक का इस्तेमाल करने वाले 6 प्रतिष्ठानों के खिलाफ कार्रवाई की।

 

जिला सूचना अधिकारी प्रियंका जोशी और नगर निगम के सेनेटरी इंस्पेक्टर राजीव कुमार सैनी के नेतृत्व में टीम ने मुन्नी चौक और आईएसबीटी बस स्टैंड मार्केट में दुकानों की जांच की। कार्रवाई के दौरान करीब 19 किलोग्राम सिंगल यूज प्लास्टिक सामग्री बरामद की गई।

 

6 प्रतिष्ठानों से वसूला 9,500 रुपये जुर्माना

 

जांच में प्रतिबंधित प्लास्टिक पाए जाने पर 6 प्रतिष्ठान संचालकों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कुल 9,500 रुपये का अर्थदंड वसूला गया। टीम ने प्रतिबंधित प्लास्टिक सामग्री को मौके पर जब्त कर लिया। दुकानदारों को भविष्य में सिंगल यूज प्लास्टिक का इस्तेमाल नहीं करने की सख्त चेतावनी भी दी गई।

 

एक्सपायर लाइसेंस के साथ मांस विक्रय करते मिला विक्रेता

 

अभियान के दौरान एक मांस विक्रेता एक्सपायर लाइसेंस के साथ मांस विक्रय करता हुआ भी पाया गया। टीम ने संबंधित विक्रेता को नगर निगम से तत्काल वैध लाइसेंस प्राप्त करने के निर्देश दिए।

 

कार्रवाई के साथ लोगों को किया जागरूक

 

प्रशासन की टीम ने केवल जुर्माना और जब्ती की कार्रवाई तक अभियान को सीमित नहीं रखा। स्थानीय व्यापारियों और आम लोगों को सिंगल यूज प्लास्टिक के पर्यावरण, नालियों की सफाई और जनस्वास्थ्य पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों के बारे में भी जागरूक किया गया।

 

लोगों से प्लास्टिक की थैलियों के बजाय कपड़े और जूट के थैलों का इस्तेमाल करने की अपील की गई। निरीक्षण के दौरान नगर निगम वार्ड-78 के सुपरवाइजर अशोक कुमार भी मौजूद रहे।

 

50 सेक्टर अधिकारी रख रहे नजर

 

जिला प्रशासन के अनुसार, जिलाधिकारी द्वारा नामित 50 सेक्टर अधिकारी नगर निगम के विभिन्न वार्डों में लगातार निगरानी और छापेमारी कर रहे हैं। प्रशासन का कहना है कि देहरादून को सिंगल यूज प्लास्टिक से मुक्त करने तक यह अभियान लगातार जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *