देहरादून:
देहरादून के विकास भवन सभागार, सर्वे चौक में जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी कार्यालय द्वारा सतत विकास लक्ष्य (SDG) को प्रभावी बनाने के उद्देश्य से एक दिवसीय जनपद स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में SDG Data Eco System & Monitoring, पीएम गतिशक्ति तथा उत्तराखण्ड विजन 2047 विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। इसमें जनपद के सभी विभागों के अधिकारी और खण्ड विकास अधिकारियों ने भाग लिया।
कार्यशाला का शुभारम्भ जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी शशि कान्त गिरि ने किया। इसके बाद डॉ. मनोज पंत, निदेशक सेतु आयोग ने सतत विकास लक्ष्यों के 17 गोल्स के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय स्तर पर वर्ष 2023-24 की SDG रैंकिंग में उत्तराखण्ड ने केरल के साथ संयुक्त रूप से पहला स्थान प्राप्त किया है, जो राज्य के लिए गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि इस स्थान को बनाए रखना एक बड़ी चुनौती है, जिसके लिए सभी विभागों को मिलकर लगातार प्रयास करना होगा।

कार्यशाला में नियोजन विभाग से आए विशेषज्ञ शैलेन्द्र कुमार ने SDG Data Eco System & Monitoring पर प्रस्तुति देते हुए SDG पोर्टल के माध्यम से जनपद की प्रगति की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वर्ष 2024-25 में जनपद देहरादून ने राज्य स्तर पर सातवां स्थान प्राप्त किया है और आने वाले समय में प्रथम स्थान हासिल करने के लिए और अधिक प्रयास करने की आवश्यकता है। उन्होंने “लो हैंगिंग संकेतकों” में सुधार के लिए विभागों को अपने डाटा मैकेनिज्म को मजबूत करने पर जोर दिया।
इस अवसर पर अक्षय जायसवाल, परियोजना प्रबंधक, पीएम गतिशक्ति परियोजना प्रबंधन इकाई ने पीएम गतिशक्ति राष्ट्रीय मास्टर प्लान और इससे जुड़े पोर्टल के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जीआईएस आधारित डाटा के माध्यम से यह पोर्टल योजनाओं के बेहतर नियोजन, क्रियान्वयन और अनुश्रवण में विभागों की काफी मदद करेगा।
कार्यशाला में विषय विशेषज्ञ कस्तूरी ने उत्तराखण्ड विजन-2047 पर प्रकाश डालते हुए राज्य को वर्ष 2047 तक विकसित बनाने के लिए निर्धारित पांच प्रमुख लक्ष्यों और विभिन्न संकेतकों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
अंत में जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी शशि कान्त गिरि और अपर सांख्यिकीय अधिकारी धीरज गुप्ता ने सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए कार्यशाला का समापन किया। इस अवसर पर नगर निगम ऋषिकेश के नगर आयुक्त सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
