काशीपुर। काशीपुर नगर निगम परिसर में आयोजित रंगोत्सव होली मिलन समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सहभागिता कर जनसमूह को होली की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर उन्होंने पारंपरिक कुमाऊँनी होली, शास्त्रीय होली और भजन गायन में भी प्रतिभाग कर उत्सव की रंगत को और अधिक उत्साहपूर्ण बना दिया।
मुख्यमंत्री ने समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि यह उनका सौभाग्य है कि उन्हें इस पावन पर्व पर जनता के बीच आकर होली मनाने का अवसर मिला। उन्होंने आयोजन की सफलता के लिए काशीपुर नगर निगम की टीम को बधाई देते हुए कहा कि ऐसे आयोजन हमारी सांस्कृतिक परंपराओं को सहेजने और नई पीढ़ी तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम हैं।
उन्होंने कहा कि होली केवल रंगों का त्योहार नहीं, बल्कि प्रेम, भाईचारे और सामाजिक सद्भाव का प्रतीक है। यह पर्व हमें सिखाता है कि जीवन की सच्ची खुशियां आपसी अपनत्व में ही निहित हैं। उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त की कि माताएं, बहनें और युवा साथी बड़ी संख्या में इस उत्सव में भाग लेकर लोकसंस्कृति को जीवंत बनाए हुए हैं।
बचपन की होली की यादें की साझा
मुख्यमंत्री ने अपने बचपन की होली की स्मृतियां साझा करते हुए बताया कि वे इस पर्व का बेसब्री से इंतजार करते थे। घर में बनने वाले पकवानों की सुगंध और गांव की सामूहिक होली का उल्लास आज भी उन्हें रोमांचित कर देता है। उन्होंने कहा कि ढोल-दमाऊं और हुड़के की थाप पर गूंजते होली गीत पूरे वातावरण को भक्ति और उमंग से भर देते थे।
उन्होंने कहा कि आज भी ऐसे आयोजनों में वही एकता और भाईचारा देखने को मिलता है, जो हमारी सांस्कृतिक जड़ों की मजबूती का प्रमाण है।

संस्कृति और विकास साथ-साथ
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार देवभूमि की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को सुरक्षित रखने के लिए “विकल्प रहित संकल्प” के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विश्वभर में भारत की संस्कृति और आध्यात्मिक चेतना का गौरव बढ़ा है। ऐसे समय में युवाओं का दायित्व है कि वे आधुनिकता के साथ अपनी जड़ों से भी जुड़े रहें।
काशीपुर के विकास कार्यों की जानकारी
मुख्यमंत्री ने बताया कि काशीपुर के समग्र विकास के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि 133 एकड़ क्षेत्र में इलेक्ट्रॉनिक मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर पार्क विकसित किया जा रहा है, जिसमें 16 औद्योगिक इकाइयों का आवंटन हो चुका है।
काशीपुर-रामनगर राजमार्ग को चार लेन में अपग्रेड करने के लिए 494 करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि स्वीकृत की गई है तथा 3 किलोमीटर लंबा मिनी बाईपास भी प्रारंभ हो चुका है। इसके अलावा सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी कार्यालय का निर्माण, ऑटोमेटेड ड्राइविंग टेस्ट ट्रैक की सुविधा, पेयजल, सीवरेज, सड़क सुधार और सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट जैसे कार्यों पर लगभग 1950 करोड़ रुपये की फंडिंग से कार्य प्रगति पर है।

उन्होंने बताया कि 1100 करोड़ रुपये की औद्योगिक हब परियोजना और 100 करोड़ रुपये की अरोमा पार्क परियोजना भी स्थानीय अर्थव्यवस्था को गति देंगी। साथ ही काशीपुर के चैती मंदिर को मानसखंड कॉरिडोर से जोड़कर इसे प्रमुख सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।
कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री ने स्थानीय नागरिकों के साथ होली खेलकर उत्सव की खुशियां साझा कीं और सभी के सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की।
