देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रक्षाबंधन के अवसर पर प्रदेश की महिलाओं को विशेष सौगात देते हुए 28 और 29 अगस्त को उत्तराखंड रोडवेज की बसों में निःशुल्क यात्रा की सुविधा देने की घोषणा की। इस सुविधा के माध्यम से प्रदेश की महिलाएं रक्षाबंधन के अवसर पर अपने मायके एवं परिवारजनों से मिलने के लिए सुगमता से यात्रा कर सकेंगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य रक्षाबंधन के पावन पर्व को मातृशक्ति के लिए और अधिक सुविधाजनक एवं आत्मीय बनाना है। निःशुल्क रोडवेज यात्रा की सुविधा से बहनों को अपने परिजनों के साथ पर्व की खुशियां साझा करने में सहूलियत मिलेगी।
चौधरी फार्म, जीएमएस रोड में आयोजित रक्षाबंधन कार्यक्रम में कार्यक्रम के आयोजक श्री जोगिंदर सिंह पुंडीर, उत्तराखंड आपदा प्रबंधन राज्य सलाहकार समिति के उपाध्यक्ष श्री विनय कुमार रोहिला, अन्य जनप्रतिनिधि तथा प्रदेशभर से बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं।

वहीं, हाथीबड़कला स्थित सर्वे स्टेडियम में आयोजित रक्षाबंधन कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी एवं राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष विजया राहटकर सहित अन्य जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में मातृशक्ति उपस्थित रही।
मुख्यमंत्री ने उपस्थित बहनों से संवाद करते हुए उन्हें रक्षाबंधन की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की मातृशक्ति का स्नेह, आशीर्वाद और विश्वास ही उन्हें प्रदेश की सेवा के लिए निरंतर प्रेरित करता रहेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार महिला सशक्तिकरण और मातृशक्ति के सम्मान के लिए निरंतर कार्य कर रही है तथा महिलाओं की सुविधा, सुरक्षा एवं आत्मनिर्भरता को प्राथमिकता दी जा रही है।
