हल्द्वानी में पुष्कर सिंह धामी ने 250 बेड के पीएसपी मल्टी सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल का किया शुभारंभ

हल्द्वानी, नैनीताल।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को रामपुर रोड स्थित पीएसपी मल्टी सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल एवं रिसर्च सेंटर का विधिवत शुभारंभ किया। 250 बेड की क्षमता वाला यह आधुनिक मल्टी सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधाओं से सुसज्जित है।

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि यह केवल एक अस्पताल का उद्घाटन नहीं, बल्कि सेवा, संघर्ष और संकल्प की प्रेरक यात्रा का प्रतीक है। उन्होंने संस्थान के संस्थापक  जगदीश सिंह पिमोली को बधाई देते हुए कहा कि बागेश्वर के एक साधारण ग्रामीण परिवेश से निकलकर स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में आधुनिक संस्थान की स्थापना करना प्रेरणादायक है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। आयुष्मान उत्तराखंड योजना के अंतर्गत 61 लाख से अधिक आयुष्मान कार्ड बनाए जा चुके हैं और निःशुल्क जांच योजना के तहत 207 प्रकार की पैथोलॉजिकल जांचें मुफ्त उपलब्ध कराई जा रही हैं।

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा प्रारंभ राष्ट्रीय एचपीवी टीकाकरण अभियान का उल्लेख करते हुए कहा कि यह पहल बालिकाओं को सर्वाइकल कैंसर से सुरक्षा प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि ऊधमसिंह नगर में एम्स के सैटेलाइट सेंटर का निर्माण कार्य प्रगति पर है, जिससे क्षेत्र की बड़ी आबादी को उच्च स्तरीय चिकित्सा सेवाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध होंगी। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड को देश का श्रेष्ठ राज्य बनाने के “विकल्प रहित संकल्प” को साकार करने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने होली गायन में भी सहभागिता की और प्रदेशवासियों को होली की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर सांसद अजय भट्ट, पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी, विभिन्न जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *