नरेंद्र मोदी ने देशव्यापी एचपीवी टीकाकरण अभियान का किया शुभारंभ, हल्द्वानी से वर्चुअली जुड़े पुष्कर सिंह धामी

हल्द्वानी/अजमेर।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को राजस्थान के अजमेर से 14 वर्ष तक की बालिकाओं के लिए सर्वाइकल कैंसर के विरुद्ध राष्ट्रव्यापी ह्यूमन पैपिलोमावायरस (एचपीवी) टीकाकरण अभियान का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राजकीय मेडिकल कॉलेज हल्द्वानी से वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम में सहभागिता की।

मुख्यमंत्री ने मेडिकल कॉलेज में स्थापित एचपीवी टीकाकरण कक्ष का निरीक्षण किया और 9 से 14 वर्ष की बालिकाओं से संवाद कर उन्हें टीकाकरण के लाभों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि यह अभियान केवल स्वास्थ्य कार्यक्रम नहीं, बल्कि मातृशक्ति के सम्मान, सुरक्षा और सशक्तिकरण की दिशा में ऐतिहासिक कदम है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सर्वाइकल कैंसर महिलाओं के स्वास्थ्य के लिए गंभीर चुनौती बन चुका है। वर्ष 2024 में देश में 78 हजार से अधिक मामले सामने आए, जिनमें 42 हजार से अधिक महिलाओं की मृत्यु हुई। ऐसे में यह टीकाकरण अभियान भविष्य की पीढ़ी को सुरक्षित और स्वस्थ जीवन देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।

उन्होंने बताया कि इस अभियान के तहत देशभर में लगभग 1.15 करोड़ किशोरियों को निःशुल्क एचपीवी वैक्सीन दी जाएगी। उत्तराखंड में प्रथम चरण में 155 केंद्रों पर व्यापक टीकाकरण की व्यवस्था की गई है। डॉक्टरों, नर्सों, एएनएम, आशा और आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को विशेष प्रशिक्षण दिया गया है तथा कोल्ड-चेन व्यवस्था को मजबूत किया गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार के नेतृत्व में स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में व्यापक परिवर्तन हुआ है। मेडिकल कॉलेजों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है और देशभर में नए एम्स स्थापित किए गए हैं।

उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और अपनी बेटियों का एचपीवी टीकाकरण अवश्य कराएं। साथ ही शिक्षकों, पंचायत प्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों से अभियान को जनआंदोलन बनाने का आह्वान किया, ताकि कोई भी बालिका इस सुरक्षा कवच से वंचित न रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *