केदारनाथ धाम में भारी बर्फबारी, सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद

केदारनाथ (रुद्रप्रयाग)।
विश्व प्रसिद्ध श्री केदारनाथ धाम में इन दिनों हो रही भारी बर्फबारी से मंदिर परिसर और आसपास का पूरा क्षेत्र बर्फ की सफेद चादर से ढक गया है। शून्य से नीचे तापमान और दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद धाम की सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चाक-चौबंद बनी हुई है।

शीतकाल के दौरान भी उत्तराखंड पुलिस और भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) के जवान पूरी मुस्तैदी और प्रतिबद्धता के साथ सुरक्षा ड्यूटी निभा रहे हैं। लगातार बर्फबारी के चलते जनजीवन ठप है और केदारनाथ तक पहुंचने वाले मार्ग अत्यधिक चुनौतीपूर्ण बने हुए हैं, इसके बावजूद जवान 24 घंटे तैनात रहकर धाम की सुरक्षा सुनिश्चित कर रहे हैं।

पुलिस प्रशासन द्वारा विशेष सतर्कता बरती जा रही है। मंदिर परिसर, आसपास के संवेदनशील क्षेत्रों और प्रमुख स्थलों पर अतिरिक्त बल तैनात किया गया है। बर्फबारी के बीच निरंतर गश्त कर किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने की तैयारियां पुख्ता रखी गई हैं। उत्तराखंड पुलिस और आईटीबीपी के बीच बेहतर समन्वय के साथ सुरक्षा घेरे को और मजबूत किया गया है।

कड़कती ठंड और प्रतिकूल मौसम के बावजूद जवानों की सतत निगरानी जारी है। आधुनिक संचार साधनों और नियमित पेट्रोलिंग के माध्यम से हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है। पुलिस अधीक्षक अक्षय प्रहलाद कोंडे ने बताया कि मौसम की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और आवश्यकता पड़ने पर आपदा प्रबंधन से जुड़े सभी संसाधनों को तत्परता से तैनात किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि शीतकाल के दौरान भी केदारनाथ धाम की पवित्रता, सुरक्षा और व्यवस्था में कोई कमी नहीं आने दी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *