श्रद्धा और समरसता के संदेश के साथ डोईवाला में संत शिरोमणि रविदास महाराज का 649वां प्रकाश पर्व मनाया गया

डोईवाला।  गुरुद्वारा भक्त रविदास शेरगढ़ जाखन में संत शिरोमणि भगत रविदास महाराज जी का 649वां प्रकाश पर्व श्रद्धा, भक्ति और कीर्तन के साथ हर्षोल्लास से मनाया गया। इस अवसर पर प्रातःकाल से ही गुरुद्वारा परिसर में विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें बड़ी संख्या में साध संगत ने सहभागिता की।

प्रकाश पर्व के दौरान संगत द्वारा गुरबाणी एवं शब्द कीर्तन करते हुए सतनाम वाहेगुरु जी के जाप के साथ निशान साहिब की सेवा की गई। पूरे वातावरण में श्रद्धा और आध्यात्मिकता का भाव व्याप्त रहा।

हरियाणा से पधारे संत बाबा मनजीत सिंह सिंघड़े वाले ने कीर्तन के माध्यम से संत शिरोमणि भगत रविदास महाराज के जीवन, उनके आदर्शों तथा समाज में समानता और मानवता के संदेश पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि गुरु रविदास महाराज ने जाति-पाति से ऊपर उठकर समाज को एकजुट करने का मार्ग दिखाया।

इस अवसर पर ज्ञानी सज्जन सिंह, मनोहर सिंह एवं दया सिंह द्वारा प्रस्तुत शब्द कीर्तन ने संगत को भावविभोर कर दिया।

गुरुद्वारा प्रधान राजकुमार राज ने कहा कि संत शिरोमणि भगत रविदास महाराज जी के विचार आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं और ऐसे धार्मिक आयोजनों से समाज में भाईचारा, समरसता और सद्भाव को मजबूती मिलती है।

वहीं गन्ना समिति के उपाध्यक्ष हरभजन सिंह ने कहा कि गुरु रविदास महाराज के विचार समाज को एकता और आपसी सौहार्द की दिशा दिखाते हैं, जिन्हें वर्तमान समय में आत्मसात करना अत्यंत आवश्यक है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *