देहरादून: देहरादून शहर में एशियन डेवलपमेंट बैंक (ADB) वित्तपोषित परियोजनाओं के तहत उपरिगामी विद्युत लाइनों का भूमिगतकरण कार्य निरंतर प्रगति पर है। आज प्रबन्ध निदेशक द्वारा कैनाल रोड और बल्लूपुर चौक स्थित सिनर्जी हॉस्पिटल क्षेत्र में भूमिगत केबलिंग कार्यों का औचक निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान प्रबन्ध निदेशक ने ट्रेंचिंग, डक्टिंग, केबल बिछाने, बैकफिलिंग, सड़क बहाली और RMU/फीडर पिलर स्थापना कार्यों की प्रगति एवं गुणवत्ता की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि सड़क बहाली में उचित रोलिंग और कम्पैक्शन अनिवार्य रूप से की जाए ताकि भविष्य में धंसाव या गड्डे न बनें।
साइट पर उपस्थित निदेशक (परिचालन), अधीक्षण अभियंता (ADB), परियोजना नोडल ऑफिसर और कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधियों को सभी कार्य तकनीकी मानकों, BIS स्पेसिफिकेशन और सुरक्षा प्रोटोकॉल के अनुरूप करने के निर्देश दिए गए। प्रबन्ध निदेशक ने यह भी कहा कि कार्य पूर्ण होने के बाद सड़क पर पुनः गड्डे न खोले जाएँ और स्थानीय नागरिकों की सुविधा तथा सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता हो।

स्थानीय नागरिकों से संवाद के साथ गुणवत्ता, सुरक्षा और समयबद्धता पर विशेष ध्यान
उन्होंने नागरिकों से संवाद कर उनकी समस्याएँ सुनी और अधिकारियों को निर्देश दिए कि सड़क पर बैरिकेडिंग, संकेतक, रात्रि में रिफ्लेक्टिव साइनज और यातायात प्रबंधन सुनिश्चित किया जाए। सभी टीमों को “Zero Incident Protocol” के तहत कार्य करने और कार्य प्रगति की नियमित रिपोर्टिंग देने के लिए भी निर्देशित किया गया।
प्रबन्ध निदेशक ने कहा कि यह परियोजना देहरादून के विद्युत तंत्र को अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुरक्षा और विश्वसनीयता प्रदान करेगी। परियोजना पूर्ण होने से विद्युत आपूर्ति विश्वसनीय होगी, फॉल्ट एवं ब्रेकडाउन की घटनाओं में कमी आएगी और शहर की सड़कों का सौंदर्यीकरण भी सुनिश्चित होगा।
उत्तराखण्ड पावर कारपोरेशन लिमिटेड प्रदेश के उपभोक्ताओं को निर्बाध, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है।
