जिलाधिकारी प्रतीक जैन ने किए साणेश्वर महादेव के दर्शन

मंदिर को शीतकालीन यात्रा से जोड़ने पर जोर

रुद्रप्रयाग: सिल्ली बामण गांव स्थित साणेश्वर (सिल्लेश्वर) महादेव मंदिर में आयोजित नौ दिवसीय महापूजन में जिलाधिकारी प्रतीक जैन ने सहभागिता की। इस दौरान उन्होंने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर भगवान सिल्लेश्वर महादेव का जलाभिषेक किया। मंदिर समिति द्वारा जिलाधिकारी का स्वागत किया गया।

मंदिर समिति के पदाधिकारियों ने जिलाधिकारी को मंदिर की पौराणिक, ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत की जानकारी दी। जिलाधिकारी ने मंदिर क्षेत्र की आध्यात्मिक महत्ता को देखते हुए इसे शीतकालीन यात्रा से जोड़कर पर्यटन मानचित्र पर लाने की आवश्यकता पर जोर दिया।

उन्होंने कहा कि शीतकालीन यात्रा से क्षेत्र के अन्य पौराणिक व धार्मिक स्थलों को भी पहचान मिलेगी और पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। जिलाधिकारी ने बताया कि मंदिर के सौंदर्यीकरण व विकास कार्यों के लिए मुख्यमंत्री घोषणा के तहत 25 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि मंदिर समिति के साथ समन्वय बनाकर विकास कार्य समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से कराए जाएं तथा मंदिर तक पहुंचने वाली सड़क को भी बेहतर बनाया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *