नई टिहरी। जिलाधिकारी की अध्यक्षता में जिला कलेक्ट्रेट के वीसी कक्ष में विकास कार्यों और स्वरोजगार योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला, राज्य और केंद्र पोषित योजनाओं की वित्तीय व भौतिक प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने एनआरएलएम, लखपति दीदी, शहरी आजीविका मिशन, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन सहित विभिन्न योजनाओं की प्रगति पर चर्चा की। होमस्टे योजना में मानचित्र स्वीकृति को लेकर आ रही समस्याओं पर गंभीरता दिखाते हुए जिला पंचायत और विकास प्राधिकरण के साथ शीघ्र बैठक के निर्देश दिए गए।
स्वरोजगार योजनाओं की समीक्षा में बताया गया कि मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना के तहत 650 के लक्ष्य के सापेक्ष 1067 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें से 1020 आवेदन बैंकों को भेजे जा चुके हैं। वीर चंद्र सिंह गढ़वाली पर्यटन स्वरोजगार योजना में भी युवाओं का रुझान बढ़ा है।
बैठक में सभी अधिकारियों को योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के निर्देश दिए गए।
